मेला आयोजन समिति की बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर किया गया अनेक सब कमेटियों का गठनकुरुक्षेत्र, 25 अगस्त। 3 व 4 सितम्बर को आयोजित होने वाले मेला वामन द्वादशी की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक, समिति के संयोजक जयनारायण शर्मा की अध्यक्षता में रेणुका सदन में आयोजित हुई। इस बैठक में मेले के आयोजन के लिए सब कमेटियों का गठन किया गया। जयनारायण शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितम्बर को वामन भगवान की शोभायात्रा सायं 3 बजे दुखभंजन मंदिर से शुरू होगी। इस शोभायात्रा का शुभारंभ गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, ब्रह्मचारी ब्रह्मस्वरूप जी तथा महंत बंसी पुरी जी करेंगे। यह शोभायात्रा रेलवे रोड, आर्य समाज मार्किट, अम्बेडकर चौक, अहलुवालिया चौक, पालिका बाजार, मोती चौक, नया बाजार, कच्चाघेर से वापिस होती हुई, अम्बेडकर चौक, गुरुद्वारा छटी पातशाही से होती हुई शाम 6 बजे सन्निहित सरोवर पहुंचेगी, जहां पर वामन भगवान को नौका विहार करवाया जाएगा और आरती व भजन संध्या आयोजित होगी। इस शोभायात्रा में अनेक मनमोहक झांकियां शामिल होंगी और शानदार आतिशबाजी की जाएगी। इस शोभायात्रा की तैयारी के लिए मनोज परुथी, एम.के. मौदगिल, विवेक भारद्वाज डब्बू तथा राजकुमार काला की सब कमेटी गठित की गई है, जो कि शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देगी। इससे पूर्व 3 सितम्बर को प्रात: 9 बजे यज्ञ व तीर्थ पूजन के पश्चात वामन पुराण की कथा का आयोजन सन्निहित सरोवर पर होगा। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शुकदेव व्यास पीठ से वामन पुराण की कथा करेंगे। कथा की तैयारियों के लिए रोहित शर्मा बबलू, प्रवीण गौतम, सुखदेव शर्मा, अमन शर्मा, राकेश गोस्वामी, सुरेन्द्र जोशी तथा विजय शर्मा शांति नगर की एक कमेटी गठित की गई है जो कि कथा के सभी प्रबंध देखेगी। 3 सितम्बर को ही सन्निहित सरोवर पर खेल विभाग द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी और शिक्षा विभाग द्वारा रंगोली व पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं का प्रबंध देखने के लिए खेल सब कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें यशपाल शर्मा, विजय शर्मा कूकी, रवि शर्मा, नरेश भारद्वाज, पूर्ण चंद शर्मा पूर्व थानेदार को शामिल किया गया है। यशपाल शर्मा के नेतृत्व में यह कमेटी इन प्रतियोगिताओं के सभी प्रबंध देखेगी। इसी प्रकार भोजन व्यवस्था के लिए विजय अत्री, अशोक वत्स, पवन लीला की सब कमेटी गठित की गई। प्रसाद वितरण की व्यवस्था का प्रबंध देखने के लिए राकेश तिवारी व राजीव शर्मा अच्चू की सब कमेटी का गठन किया गया है। जयनारायण शर्मा ने बताया कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड तथा नगर की सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संस्थाओं के सहयोग से वामन भगवान की शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह पर फूल बरसाकर व जलपान आयोजित करके भव्य स्वागत किया जाएगा। इन सभी प्रबंधों को देखने की जिम्मेवारी सभा के प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा को सौंपी गई है जो कि सभी संस्थाओं से सम्पर्क करके तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 3 सितम्बर को सायंकाल सन्निहित सरोवर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा हरियाणा कला परिषद के सहयोग से वामन भगवान की नृत्य नाटिका प्रदर्शित की जाएगी।
