सोनिका वधवा
कुरुक्षेत्र। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी के सान्निध्य में गीता ज्ञान संस्थानम् के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में फिल्म “48 कोस-2” का पोस्टर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के करकमलों से रिलीज किया गया। इस अवसर पर नायब सिंह सैनी ने फिल्म के लेखक, निर्माता व निर्देशक राजिन्द्र वर्मा को शुभकामनाएं दी। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने यशबाबू एंटरटेनमैंट द्वारा बनाई गई फिल्म “48 कोस-2” के पोस्टर रिलीज पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिल्म के निर्माता राजिन्द्र वर्मा ने इससे पूर्व “48 कोस” फिल्म का निर्माण किया था। यह फिल्म गीता की जन्मस्थली कुरुक्षेत्र पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म गीता के प्रचार-प्रसार में अपनी अहम भूमिका निभाएगी। राजिन्द्र वर्मा ने इस प्रकार की फिल्म का निर्माण करके बड़ा ही सराहनीय कार्य किया है और उन्हें उम्मीद है कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से यशबाबू एंटरटेनमैंट इसी प्रकार की प्रेरणादायक फिल्मों का निर्माण करके बॉलीवुड के क्षेत्र में अपनी एक अलग से पहचान बनाएगा। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि आज समाज में इस प्रकार की प्रेरणादायक फिल्मों की जरूरत है, जो कि समाज में फैली कुरीतियों को दूर करें और युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से परिचित करवाए।
फिल्म के पोस्टर रिलीज के अवसर पर प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र के प्रधान रामपाल शर्मा, गीता महोत्सव प्राधिकरण के सदस्य विजय नरूला, सौरभ चौधरी, केडीबी 48 कोस निगरानी समिति के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा, वरिष्ठ पत्रकार एवं सरस्वती सेवा समिति के सदस्य डॉ. राजेश वधवा, वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण धमीजा, पत्रकार नीतू चौहान, करनैल सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
गौरतलब है कि “48 कोस” फिल्म का पोस्टर केन्द्रीय मंत्री एवं हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रिलीज किया था। “48 कोस” ने कुरुक्षेत्र के पौराणिक महत्त्व को विश्वभर में प्रदर्शित किया था। इसी से उत्साहित होकर अब “48 कोस-2” का निर्माण किया गया है। यह फिल्म 24 अक्तूबर को देश के सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यहां यह ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व राजिन्द्र वर्मा ने “ए डॉटर्स टेल पंख”, “टब्बर पंजाब दा”, “फोर्टी प्लस”, “कर्मक्षेत्र”, “वॉय मैरी” फिल्म का निर्माण किया था जोकि देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उनकी इस वर्ष आने वाली फिल्मों में “48 कोस-2” के बाद “टू-वे”, “मिस्टर एंड मिसिज मल्होत्रा”, “थियेटर गर्ल”, “मैच मेकर डॉयवोर्स ब्रेकर” शामिल हैं।
