आगामी सत्र 2026-27 में निकेतन शिशु वाटिका में प्रवेश प्रारम्भ होंगें।
गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में वेद-मंत्रों की गूंज और आस्था से ओतप्रोत माहौल के बीच विद्यालय में लंबे समय से अभिभावकों की प्रतीक्षित मांग, ‘शिशु वाटिका भवन’ का भूमि पूजन हर्षोल्लास और शंखनाद के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में विद्याभारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री देशराज शर्मा एवं विद्याभारती उत्तर क्षेत्र के संरक्षक प्रसिद्ध उद्योगपति अशोक पाल, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र अत्री, हिन्दू शिक्षा समिति हरियाणा के अध्यक्ष डॉ ऋषिराज वशिष्ठ उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय महामंत्री देशराज शर्मा ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि गीता निकेतन में शिशु वाटिका में प्रवेश प्रारम्भ होने से भविष्य की पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक मूल्यों और नैतिक जीवन पर आधारित संस्कारयुक्त शिक्षा का एक केन्द्र बनेगा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ घनश्याम शर्मा ने शिशु वाटिका भवन की रुपरेखा और आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नन्हें बच्चों के लिए सुरक्षित आकर्षित और प्रेरणादाई शिक्षण स्थल उपलब्ध करवाना इस भवन का मुख्य उद्देश्य है। इसके अन्तर्गत स्मार्ट क्लास रुम, खेलकूद की सुविधाएं, पुस्तकालय तथा रचनात्मक गतिविधियों हेतु अलग-अलग इकाईयां स्थापित की जाएंगी। विद्यालय की शिशु वाटिका में बच्चों को आधुनिक और संस्कारयुक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध करवाया जाएगा। यह प्रयास विद्यालय की प्रगति के साथ साथ धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानाचार्य नारायण सिंह ने बताया कि शिशु वाटिका भवन विशेष रुप से नई शिक्षा नीति 2020 के मानदंडों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसमें बालकों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने पर बल दिया जायेगा। आगामी सत्र 2026-27 के लिए शिशु वाटिका में प्रवेश के लिए पंजीकरण अक्तूबर 2025 से प्रारम्भ हो जाएगा।
भूमि पूजन के पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने कर कमलों से भूमि में फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति की उपाध्यक्षा डॉ ममता सचदेवा, प्रबंधक पवन गुप्ता, कोषाध्यक्ष रणधीर वालिया, सदस्य अखिलेश गुप्ता, कृष्ण चन्द रंगा, हिंदू शिक्षा समिति हरियाणा के उपाध्यक्ष चेतराम शर्मा, ग्रामीण शिक्षा समिति के अध्यक्ष सरदार हरभजन सिंह, विद्या भारती कुरुक्षेत्र संकुल के सभी विद्यालयों के प्रबन्ध समिति और प्रधानाचार्यों, निकेतन परिवार के आचार्यों, कर्मचारियों, अभिभावकों के अलावा नगर के अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। उज्ज्वल भविष्य की संकल्पना को आत्मसात करने वाला यह आयोजन शान्ति मंत्र एवं प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *