भिवानी। गांव दिनोद निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया है। वहीं, सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला रविवार सुबह करीब आठ बजे का है।
नया बाजार क्षेत्र निवासी अनीता ने बताया कि उसकी ननद 34 वर्षीय सुशीला की शादी गांव दिनोद निवासी युवक के साथ हुई थी। सुशीला दो बच्चों की मां थी। स्वजन ने आरोप लगाए है कि सुशीला के पति के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे। इसकी वजह से सुशीला मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
रक्षाबंधन पर सुशीला अपने मायके आई तो उसने कहा कि अबकी बार मैं अंतिम बार आई हूं, इसके बाद नहीं आऊंगी। उसके पति के फोन में रिकार्डिंग ऑन रहती थी, जिस कारण से सुशीला किसी को कुछ नहीं बता पाती थी। जब कभी सुशीला मायके आती तो तभी घरवालों को कुछ कह पाती थी।
रविवार सुबह उसके पति ने घर पर फोन करके बताया कि सुशीला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जिसे उपचार के लिए दिनोद गेट स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी सेहत में सुधार न होने के चलते उसे महम गेट स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, मृतका सुशीला के ससुर हरिसिंह ने बताया कि पड़ोस में एक दिन पहले किसी बात पर परिवार में झगड़ा हुआ था। इसके बाद सुशीला भी झगड़े की भनक लगने के बाद वहां पर चली गई। इसके बाद अगले दिन उस परिवार की एक महिला उनके घर पर आकर सुशीला और उसकी सास को उनके घर ना आने के बारे कहकर चली गई।
इसको लेकर घर में विवाद हो गया और सुशीला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। सुशीला के पति को झगड़ा खत्म करने के लिए बुलाया गया, लेकिन सुशीला की तबीयत बिगड़ने लगी। संदीप और उसका चचेरा भाई सुशीला को भिवानी लेकर आए। वहीं, सदर थाना पुलिस के प्रबंधक उप निरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन की शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी।
