अभियान के तहत देश की एकता, गौरव और नागरिक जम्मिदारी के संदेश को मजबूत करना है- निगमायुक्त।
करनाल 13 अगस्त,
नगर निगम करनाल, आवासीय एवं शहरी मामले मंत्रालय के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति और स्वच्छता को जोड़ते हुए हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान चला रहा है। अभियान के तहत शहर भर में स्वच्छता अभियान, जन जागरूकता कार्यक्रम तथा तिरंगा यात्रा निकालने जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार को मंगलपुर स्थित राजकीय विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता थीम पर आकर्षक पेंटिंग बनाई। इसके पश्चात विद्यालय की ओर से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली और स्वच्छता के प्रति गांववासियों को जागरूक किया। इसके अतिरिक्त नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम द्वारा जन जागरूकता गतिविधियों के तहत शहर भर में डोर टू डोर कचरा पृथक्करण, स्वच्छता ड्राईव, कॉलेज व स्कूली बच्चों में पेंटिंग व रंगोली प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा निकालने तथा झंडे वितरित करने जैसी गतिविधियां आयोजित करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जन जागरूकता गतिविधियां आगामी 15 अगस्त तक चलेगी, जिसकी बीती 9 अगस्त की शुरुआत हुई थी।
निगमायुक्त ने कहा कि अभियान के तहत देश की एकता, गौरव और नागरिक जम्मिदारी के संदेश को मजबूत करना है। अभियान का उद्देश्य केवल तिरंगा फहराना ही नहीं, बल्कि अपने घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ बनाए रखना भी है। यह देश की स्वतंत्रता और एकता का एक राष्ट्रव्यापी उत्सव है, जो हमारे गौरवशाली राष्ट्रीय ध्वज व तिरंगे की भावना से ओत-प्रोत है। हर घर तिरंगा पहल का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति की गहरी भावना जगाना और हमारे राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में अधिक समझ विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत शहर के विभिन्न कॉलेज व विद्यालय बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं, ताकि शहरवासी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें और अपने क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाएं।
