विद्यापीठ में सर्वकल्याण की कामना से चल रहा है महामृत्युंजय मंत्र जाप
कुरुक्षेत्र, 7 अगस्त : देश के विभिन्न राज्यों में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ब्रह्मसरोवर के तट पर श्री जयराम विद्यापीठ के श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में सावन महीने के चलते नियमित सावन पूजन एवं रुद्राभिषेक किया जा रहा है। वीरवार को यजमान अतुल शर्मा, नीरू पाठक, चन्द्रमोहन शर्मा, कृष्ण कुमार कौशिक, देश बन्धु शर्मा व मनमोहन शर्मा को आचार्य प. प्रतीक शर्मा ने विधिवत श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक एवं पूजन सम्पन्न करवाया। इसी के साथ विद्यापीठ में सर्वकल्याण की भावना से सावन का महामृत्युंजय मंत्र पाठ जाप भी चल रहा है। इसी अवसर पर यजमान परिवार के सदस्यों ने विद्यापीठ की मुख्य यज्ञशाला में चल रहे हवन यज्ञ में आहुतियां दी। ब्रह्मचारियों के साथ अनुष्ठान करवा रहे आचार्य प. प्रतीक शर्मा ने बताया कि सावन महीना भगवान शिव की पूजा एवं उनकी कृपा प्राप्त करने का विशेष महीना है। महामृत्युंजय पाठ अनुष्ठान की तो सावन में और भी विशेष महिमा है। इस अवसर पर सच्चे मन से सावन पूजन करने वाले लोगों को पूर्ण भगवान शिव परिवार की कृपा प्राप्त होती है। श्रद्धालुओं ने विद्यापीठ में स्थित विश्व के दुर्लभ स्फटिक मणि शिवलिंग पर आरती भी की। इस के साथ भंडारा भी दिया गया। इस अवसर पर केके कौशिक, खरैती लाल सिंगला, टेक सिंह लौहार माजरा, कुलवंत सैनी, राजेश सिंगला, सुरेंद्र गुप्ता, यशपाल राणा, सतबीर कौशिक व रोहित कौशिक इत्यादि भी मौजूद रहे।
