श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन
कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त।
श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में ज्ञान और शोध की सुवास बिखेरती तीन दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान व आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य प्रो. आशीष मेहता ने किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों को पुस्तक पढ़ने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन की सच्ची मित्र और मार्गदर्शक होती हैं। पुस्तकें केवल सूचनाओं का भंडार नहीं, बल्कि यह मनुष्य के बौद्धिक और नैतिक विकास की आधारशिला हैं। एक अच्छी पुस्तक पढ़ना मानो एक महान गुरु से मिलने जैसा है। पुस्तकें हमें वह सिखाती हैं, जो समय और परिस्थितियां नहीं सिखा पातीं। युवाओं को चाहिए कि वे सोशल मीडिया और त्वरित मनोरंजन से थोड़ा समय निकालकर पुस्तकों के साथ समय बिताएं, क्योंकि यही आदत उन्हें गहराई से सोचने और सही निर्णय लेने की क्षमता देती है। पुस्तक प्रदर्शनी जेपी ब्रदर्स मेडिकल पब्लिशर्स के अर्जुन शर्मा द्वारा लगाई जा रही है। इस अवसर पर पूर्व कुलसचिव प्रो. कृष्ण कुमार जाटियान, प्रो. रविराज, प्रो. राजा सिंगला, प्रो. रविंद्र अरोड़ा, प्रो. शुभा कौशल, प्रो. सीमा रानी, आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजेंद्र सिंह चौधरी, डॉ. रूचिका, डॉ. प्रीति गहलावत, विनोद कुमार राणा समेत वरिष्ठ शिक्षक और शोधार्थी भी मौजूद रहे।
