हिसार। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में पकड़ी गई यू-ट्यूबर और न्यू अग्रसेन कॉलोनी की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा के पिता हरीश मल्होत्रा ने सोमवार को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को पत्र लिखा। पत्र में पिता ने अपनी बेटी को बेकसूर बताया है और कहा कि पुलिस ने दबाव देकर ज्योति (Jyoti Malhotra) से कोरे कागजातों पर हस्ताक्षर करवाए।

पुलिस अदालत में बेटी के खिलाफ देशद्रोह के कोई सबूत पेश नहीं कर पाई है। उन्होंने पत्र के माध्यम से पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। पिता ने पत्र में कहा कि यह विश्वास दिलाते हैं कि उनकी बेटी पाकिस्तान कभी नहीं जाएगी। पिता ने पॉलीग्राफी टेस्ट करवाने की मांग उठाई है। आरोपित ज्योति मल्होत्रा की सोमवार को वीसी के जरिए अदालत में पेशी हुई।

अब 18 अगस्त को होगी सुनवाई

अब इस मामले में आगामी सुनवाई 18 अगस्त को होगी। आरोपित के वकील एडवोकेट कुमार मुकेश ने बताया कि 15 अगस्त को आरोपित को पकड़े हुए 90 दिन हो जांएगे। पुलिस को 90 दिन के अंदर चालान पेश करना होता है।

आरोपित ज्योति मल्होत्रा के पिता हरीश ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को पत्र लिखा है। उसमें लिखा है कि बिना किसी सबूतों के दर्ज की गई एफआइआर की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। मेरी बेटी ज्योति नोएडा में नौकरी करती थी।

कोविड के दौरान कास्ट कटिंग के समय बेटी को नौकरी छोड़नी पड़ी। उसके बाद बेटी से ट्रैवल विद जो के नाम से इंटरनेट पर ब्लाग शुरू किया।

मेरी बेटी ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से शुरू हुए करतारपुर साहिब कारिडोर के माध्यम से गुरुद्वारा के दर्शन करने के लिए वर्ष 2023 में पाकिस्तान का ईटीए फार्म में अप्लाई किया और करतारपुर साहिब गुरुद्वारा दर्शन के लिए गई थी।

यह था मामला?

न्यू अग्रसेन कॉलोनी की रहने वाली और यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को सिविल लाइन थाना पुलिस ने 16 मई को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। 17 मई को पुलिस ने आरोपित ज्योति को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया था।

रिमांड के दौरान आरोपित का लैपटाप, मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए थे। रिमांड के दौरान कई जांच एजेंसियों और दूसरे राज्यों की पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *