15 अगस्त की तैयारियों को लेकर उपमंडल शाहबाद में अधिकारियों की बैठक 4 अगस्त को
शाहबाद, 1 अगस्त। उपमंडल शाहबाद में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस राष्ट्रीय पर्व को भव्य रूप से मनाने के लिए प्रबंध किए जाने है। इन प्रबंधों को समय रहते पूरा करने के लिए 4 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में सभी अधिकारी निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। यह जानकारी एसडीएम डा. चिनार चहल ने दी है।

शाहबाद एसडीएम कार्यालय में हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर में नागरिक रख सकते है अपनी समस्या:चिनार चहल
शाहबाद, 1 अगस्त। एसडीएम डा. चिनार चहल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के उद्देश्य से उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालय में हर सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में उपमंडल का कोई भी नागरिक किसी भी विभाग से सम्बन्धित अपनी समस्या रख सकता है। इस समस्या का तुरंत समाधान करने का प्रयास प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। इसलिए नागरिकों को किसी विभाग से सम्बन्धित समस्या रखनी है तो वह समाधान शिविर में अपनी समस्या को रख सकते है। इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते है, इसलिए हर व्यक्ति की समस्या पर गंभीरता के साथ चर्चा की जाती है और समस्या का समाधान करने का मार्ग निकाला जाता है। इस शिविर का नागरिकों को अधिक से अधिक फायदा उठाना चाहिए, क्योंकि नागरिकों को एक ही छत के नीचे हर प्रकार की समस्या रखने की सुविधा सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई गई है।

शहर में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जल्द चलाया जाएगा विशेष अभियान:चिनार चहल
अतिक्रमण करने वालों को प्रशासन ने दिया समय, अगर अतिक्रमण नहीं हटाया तो सामान होगा जब्त, लगाया जाएगा जुर्माना, सीएलयू के बिना अवैध रूप से निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के दिए निर्देश
शाहबाद, 1 अगस्त। एसडीएम डा. चिनार चहल ने कहा कि शाहबाद शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों के सहयोग की निहायत जरूरत है। इस शहर के सौन्द्रर्यकरण को बरकरार रखने के लिए सडक़ों और गलियों में अतिक्रमण करने वालों को अपना सामान हटाने के लिए प्रशासन द्वारा कुछ समय दिया गया है। अगर इस समय अवधि के अंदर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सम्बन्धित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
एसडीएम डा. चिनार चहल ने दुकानदारों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन दुकानदारों और अन्य लोगों ने शहर के मुख्य मार्गों व बाजारों में अतिक्रमण किया हुआ है। उन सभी लोगों को अतिक्रमण हटाने की अपील प्रशासन द्वारा बार-बार की गई है और अतिक्रमण हटाने के लिए कुछ समय भी दिया गया है। इस निर्धारित समय अवधि के अंदर अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करे ताकि शाहबाद शहर के सौंदर्यीकरण को बरकरार रखा जा सके और यातायात और ट्रैफिक जाम जैसी समस्या से निजात मिल सके।
उन्होंने कहा कि अगर निर्धारित समय अवधि के अंदर अतिक्रमण नहीं हटा तो प्रशासन को मजबूरन कार्रवाई करके अतिक्रमण को हटाना पड़ेगा और इस कार्रवाई के दौरान सारा सामान भी जब्त किया जाएगा तथा नगरपालिका के नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका सचिव और डीटीपी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए है कि शाहबाद शहर और आस-पास के क्षेत्र में सीएलयू के बिना कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से निर्माण कर रहा है, ऐसे लोगों पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करे और अवैध निर्माण को नियमानुसार गिराने का काम करे। सभी अधिकारी आदेशों की सख्ती से पालना करना सुनिश्चित करेंगे।

फसल अवशेष प्रबंधन के लिए पैडी स्ट्रा सप्लाई चेन हेतु 7 अगस्त तक किया जा सकता है आवेदन
कुरुक्षेत्र, 1 अगस्त। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. कर्मचंद ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में फसल अवशेष प्रबंधन हेतू पैडी स्ट्रा सप्लाई चेन स्थापित करने के लिए पहले 15 जुलाई अन्तिम तिथि तय की गई थी। अब 7 अगस्त तक प्रार्थी आवेदन कर सकता है।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डा. कर्मचंद ने कहा कि अधिकतर आवेदनों में आवेदकों द्वारा अपने पूरे दस्तावेज विभागीय पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए थे। इसलिए विभाग द्वारा इस पोर्टल को आवेदन हेतु पुनः: खोला गया है जिसकी आवेदन की अन्तिम तिथि 7 अगस्त 2025 है।
उन्होंने आवेदकों से अपील करते हुए कहा कि वह अपने आवेदन विभागीय वेबसाइट एग्रीहरियाणा.जीओवी.इन पर अपडेट कर सकते है। सहायक कृषि अभियन्ता राजेश वर्मा ने कहा कि वर्ष 2024-25 में जिन आवेदकों ने आवेदन किया था वह भी पुन: पोर्टल पर अपना आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की सीआरएम स्कीम की गाइडलाइन में दर्शाये गए कृषि यंत्रों में से ही आवेदक कृषि यंत्रों का चुनाव कर सकते है।

समाजसेवी स्वर्गीय मेहरचंद मेंहदीरत्ता की 36 वीं पुण्यतिथि पर 21वां रक्तदान शिविर आज
कुरुक्षेत्र, 1 अगस्त। समाजसेवी स्वर्गीय मेहरचंद मेंहदीरत्ता की 36 वीं पुण्यतिथि पर 21वां रक्तदान शिविर एवं 16वां निशुल्क मेगा हेल्थ जांच शिविर 2 अगस्त को मेहरचंद चैरिटेबल डिस्पेंसरी एवं लाइब्रेरी कीर्ति नगर में सुबह 10 बजे लगाया जाएगा।
समाजसेवी एवं वरिष्ठï पत्रकार पंकज अरोड़ा ने बताया कि समाजसेवी स्वर्गीय मेहरचंद मेंहदीरत्ता की 36 वीं पुण्यतिथि पर कीर्ति नगर में 21वां रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इस रक्तदान शिविर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दर्जनों लोग स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे। इसके अलावा 16वां निशुल्क मेगा जांच शिविर भी लगाया जाएगा। यह शिविर बीएस हार्ट केयर मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल के सहयोग से लगाया जाएगा।  इस शिविर में हृदय जांच, शुगर, कोलेस्ट्रॉल की जांच भी निशुल्क की जाएगी। एमडी डा. पवन बंसल एवं उनकी टीम द्वारा यह जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य शिविर में हड्डी रोगों की जांच डा. गौरव व उनकी टीम द्वारा की जाएगी, जबकि महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच डा. सुरभि तिवारी द्वारा की जाएगी। इस कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *