चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 29 जुलाई मंगलवार को राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। कैथल के आरकेएम पैलेस में होने वाली राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी की बैठक में संगठन व प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने के साथ ही राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार व खाद की कमी पर राज्य स्तरीय आंदोलन की घोषणा की जा सकती है। बैठक में इनेलो के समस्त पदाधिकारी, सदस्य, जिला, ग्रामीण, जिला शहरी एवं हलका अध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठों के राज्य एवं जिला संयोजक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और प्रदेश एवं जिला प्रवक्ता शामिल होंगे।

इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला सभी जिला, हलका प्रधानों के साथ-साथ सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों से उनके द्वारा अब तक किए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट लेंगे।

बैठक में पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है या नहीं, इस पर पूरी गंभीरता के साथ मंथन किया जाएगा और अगर कोई भी पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को निभाता हुआ नहीं मिला तो उसकी जगह किसी जिम्मेदार व्यक्ति को नियुक्त किया जाएगा।

रामपाल माजरा ने बताया कि बैठक में खत्म हो चुकी कानून व्यवस्था, खाद की कमी और बिजली के बढ़े दामों पर भी चर्चा की जाएगी। इन तीनों मुद्दों पर प्रस्ताव पास किया जाएगा।

आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस हरियाणा के बद से बदतर हो चुके हालात और गुंडाराज पर मौन हैं। भूपेंद्र हुड्डा भाजपा के एजेंट बने हुए हैं। इनेलो पार्टी ही जनता की लड़ाई को सड़क से विधानसभा तक लड़ रही है और हमेशा लड़ती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *