विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी में चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन

नीलोखेड़ी/करनाल 26 जुलाई।

चैधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत विस्तार शिक्षा संस्थान, नीलोखेड़ी में प्रभावी विस्तार सेवाओं के लिए नेतृत्व उत्कृष्टता और टीम निर्माण विषय पर चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू के भूतपूर्व कुलपति प्रोफेसर जे. पी. शर्मा ने की।
प्रोफेसर जे. पी. शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग तकनीक और जानकारी आधारित है, परंतु सूचना को प्रभावी रूप से किसानों तक पहुँचाने का कार्य केवल एक कुशल नेतृत्व और मजबूत टीम द्वारा ही संभव हो सकता है। कृषि विस्तार अधिकारियों को सिर्फ सूचना वाहक नहीं बल्कि परिवर्तन के अग्रदूत बनना चाहिए। एक अच्छा नेतृत्व वही कर सकता है जो अपने टीम सदस्यों की क्षमताओं को पहचान कर उन्हें सही दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करे। टीम निर्माण का तात्पर्य केवल कार्य विभाजन से नहीं, बल्कि एक साझा लक्ष्य की प्राप्ति हेतु सहयोग, संवाद और समर्पण की भावना से होता है। जलवायु परिवर्तन, कीटनाशकों का अत्याधिक प्रयोग और बाजार की माँग में उतार-चढ़ाव इत्यादि चुनौतियों का सामना केवल एक संगठित टीम और सक्षम नेतृत्व ही कर सकता है।डाॅ. शर्मा ने कहा कि विस्तार कार्यकर्ता ही किसानों के सबसे नजदीकी मार्गदर्शक हैं जो केवल देश में केवल कृषि आजीविका का साधन ही नही है, बल्कि संस्कृति और परंपरा से जुड़ा एक जीवंत तंत्र भी है। ऐसी स्थिति में कृषि से जुड़े हर अधिकारी की भूमिका महज एक कर्मचारी की नहीं, बल्कि एक परिवर्तनकर्ता की बन जाती है। उन्होंने विस्तार अधिकारियों से किसानों की समस्याओं को समझने, उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान देने और नई तकनीकों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय कुमार ने डा. जे पी शर्मा का विस्तार शिक्षा संस्थान, नीलोखेड़ी पंहुचने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि विस्तार अधिकारियों को नेतृत्व कौशल, टीम वर्क और संचार क्षमता में दक्ष बनाना था, जिससे वे किसानों तक योजनाओं व नवाचारों को प्रभावी ढंग से पहुँचा सकें। डा. कुमार ने बताया कि संस्थान निरंतर प्रोफेसर बी. आर. कांबोज, कुलपति, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के नेतृत्व में उत्तर-भारत के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, वानिकी, महिला एवं बाल विकास इत्यादि विभागों के विस्तार अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है।प्रशिक्षण के संयोजक डा. अनिल कुमार रोहिला ने बताया कि इस प्रशिक्षण के दौरान टीम भावना को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के विस्तार अधिकारियों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों जैसे दिल्ली, हिसार और कुरुक्षेत्र से व्याख्यानों के लिये आमंत्रित किया गया था। समापन-कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस दौरान संस्थान के सभी कर्मचारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *