राज्यमंत्री राजेश नागर ने कष्ट निवारण समिति की 17 में से 12 शिकायतों का किया समाधान, शारदा रानी को मिला न्याय, 3 एकड़ जमीन पर कब्जा दिलवाने के आदेश पारित,असली शपथ पत्र गायब होने के मामले की जांच करेंगे पुलिस अधीक्षक,अब फरियादी को मकान की मुरम्मत करवाने के लिए आवेदन करने पर मिलेगी 80 हजार की राशि,निर्माण कार्य के लिए लगा नया टेंडर, जांच के लिए नियुक्त किया डयूटी मजिस्ट्रेट,सुखबीर सिंह रोहिला की शिकायत पर दोबारा संज्ञान ले एचएसवीपी के अधिकारी
कुरुक्षेत्र, 24 जुलाई। हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि गांव मिर्जापुर के डिपो धारक ने राशन वितरण प्रणाली में अनियमितता बरती है। इस विषय की डीएफएससी विभाग की तरफ से जांच करने पर काफी अनियमितता सामने आई है। इस जांच रिपोर्ट के बाद जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी सम्बन्धित डिपो धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएं।
हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्यमंत्री राजेश नागर वीरवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्यमंत्री राजेश नागर ने एजेंडे की 17 शिकायतों की गहनता से सुनवाई की और इसमें से 12 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। राज्यमंत्री ने न्यू मिर्जापुर कालोनी निवासी अनिल कुमार को अपनी ग्रांट से 67 हजार रुपए की राशि देकर उचित न्याय दिया, आकाश नगर निवासी परमिन्द्र सिंह, कनीपला निवासी जगीर सिंह को कम से कम चार्जिज पर बिजली की लाईन बदलने, गांव रामगढ़ रोड निवासी सुरेन्द्र सिंह, गांव लंडी निवासी प्रेमचंद, रेलवे रोड निवासी सुरेन्द्र कुमार, गांव दयालपुर निवासी अंग्रेज, गांव चिब्बा निवासी विक्रम सिंह, गांव गुमथला गढु निवासी गुरमीत सिंह,गांव धमूर खेडी निवासी दलजीत सिंह की शिकायत का मौके पर समाधान किया।
उन्होंने कहा कि छोटा बाजार निवासी भीम सैन चावला द्वारा रखी गई शिकायत पर जांच करने की जिम्मेवारी एडीसी को सौंपी है। इससे पहले उपायुक्त नेहा सिंह ने मंत्री राजेश नागर का बैठक में पहुंचने पर स्वागत किया तथा बैठक में शामिल एजेंडों की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर थानेसर विधायक अशोक अरोडा, पिहोवा विधायक मनदीप सिंह चट्ठा, शाहबाद विधायक रामकरण, भाजपा के जिलाध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर के अलावा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल सहित जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सभी सदस्यगण तथा सभी अधिकारी उपस्थित थे।
शारदा रानी को मिला न्याय, 3 एकड़ जमीन पर कब्जा दिलवाने के आदेश पारित
राज्यमंत्री राजेश नागर ने गांव सिरसला निवासी शारदा रानी की फरियाद को फिर से सुना और इस फरियादी का कष्ट निवारण समिति के सभी सदस्यों ने भी सहयोग किया। इस फरियादी की पुलिस कार्रवाई पर डीएसपी सुनील कुमार की दलील को भी सुना। इन तमाम पक्षों को जानने के बाद राज्यमंत्री ने आदेश दिए कि शारदा रानी को 3 एकड़ जमीन पर कब्जा दिलवाया जाए या फिर सारी 15 एकड़ जमीन को खाली करवाया जाए।
असली शपथ पत्र गायब होने के मामलें की जांच करेंगे पुलिस अधीक्षक
गांव अमीन निवासी सलिन्द्र सिंह ने हाउस के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके भाई ने फर्जी शपथ पत्र देकर बिजली कनेक्शन को बिजली विभाग की मिलीभगत से पहले कनैक्शन को बिमला देवी के नाम किया और फिर उसी कनैक्शन को राजबीर के नाम कर दिया था। उनकी इस शिकायत पर बिजली विभाग द्वारा दोनों कनेक्शनों को रद्द किया गया। इस विषय पर जब पुलिस और बिजली विभाग से असली शपथ पत्र मांगा गया तो किसी भी विभाग ने असली शपथ पत्र उपलब्ध नहीं करवाया। इसलिए किसी ना किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई है। इस विषय पर बिजली विभाग की तरफ से तर्क दिया गया कि कन्जूयमर लिपिक को चार्जशीट कर दिया गया है। इस पूरे मामले को जानने के बाद राज्य मंत्री ने सलिन्द्र सिंह की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक को जांच करने के आदेश दिए है।
अब फरियादी को मकान की मुरम्मत करवाने के लिए आवेदन करने पर मिलेगी 80 हजार की राशि
राज्यमंत्री राजेश नागर ने गांव थाना निवासी कमलेश व उनके पति अशोक की शिकायत को सुना तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी का पक्ष जाना, दोनों पक्षों को सुनने के बाद राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार की इन्दिरा आवास योजना का लाभ प्रार्थी को केवल एक बार ही मिल सकता है। इसलिए प्रार्थी मकान की मुरम्मत के लिए पंचायत विभाग के पास आवेदन कर सकता है, इस आवेदन पर नियमानुसार 80 हजार रुपए की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
निर्माण कार्य के लिए लगा नया टेंडर, जांच के लिए नियुक्त किया डयूटी मैजिस्ट्रेट
राज्यमंत्री राजेश नागर ने गांव सुलखनी निवासी सुरजीत सिंह की शिकायत को सुना और लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को सुलखनी से नगला की तरफ जाने वाली सडक़ की मुरम्मत करने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए विभाग की तरफ से नया टेंडर भी लगाया जा चुका है। इस मामले में राज्यमंत्री ने शिकायतकर्ता सुरजीत सिंह की शिकायत पर जांच के लिए डयूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किया है।
सुखबीर सिंह रोहिला की शिकायत पर दोबारा संज्ञान ले एचएसवीपी के अधिकारी
राज्यमंत्री राजेश नागर ने सेक्टर 2 निवासी सुखबीर सिंह रोहिला की हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के पास मकान की रिअलॉटमेंट मामले में गहराई से सुनवाई की और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सम्पदा अधिकारी अमन कुमार के पक्ष को भी जाना। इन दोनों पक्षों को जानने के बाद राज्यमंत्री ने इस केस में दोबारा जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और प्रार्थी को न्याय दिलवाने के निर्देश दिए है।
