रेवाड़ी जिला उपायुक्त ने परीक्षा को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली।
रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 26 और 27 जुलाई को दो सत्र में आयोजित की जा रही सीईटी कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट परीक्षा को लेकर जिला में तैयारी पूरी कर ली गई है। रेवाड़ी जिला में कुल 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिनमें दोनों सत्रों में करीब 74 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगें। डीसी ने बताया कि परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी व्यापक प्रबंध किए गए हैं और महेंद्रगढ़-नारनौल जिला से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए जहां शटल सेवा उपलब्ध रहेगी वहीं जिला रेवाड़ी से गुरुग्राम व झज्जर जाने वाले परीक्षार्थियों को भी राज्य परिवहन की सेवा से परीक्षार्थियों को दूसरे जिलों में पहुंचाने के प्रबंध कर दिए गए हैं। डीसी निरंतर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए निर्धारित नियमों की जानकारी देते हुए परीक्षा के सफल आयोजन की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। रेवाड़ी जिला प्रशासन द्वारा महेंद्रगढ़-नारनौल से रेवाड़ी जिला में परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई है, जो परीक्षार्थी परीक्षा से एक दिन पहले जिला में आकर ठहरना चाहता है इसके लिए 10 धर्मशालाएं आरक्षित की गई है। परीक्षार्थियों के रात्रि विश्राम हेतु ठहरने के लिए शहर की मक्खन लाल धर्मशाला, पंजाबी धर्मशाला, मियांवाली पंचायत घर, यादव धर्मशाला, अग्रवाल धर्मशाला, पंजाबी भवन, जाट धर्मशाला, गणेशी धर्मशाला, सैनी धर्मशाला, रविदास धर्मशाला में ठहरने के लिए व्यवस्था की गई हैं, जिसके लिए अधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि अभ्यार्थी को बिना एडमिट कार्ड किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड की कलर कॉपी लानी होगी। ब्लैक एंड व्हाइट एडमिट कार्ड के साथ एंट्री नहीं दी जाएगी। एडमिट कार्ड के साथ आईडी प्रूफ जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट में से कोई एक ले जाएं। इसके अलावा अपना पेन या पेंसिल जैसी स्टेशनरी चीजें नहीं लेकर आनी है। आयोग द्वारा ही एग्जाम केंद्र में पेन उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा हॉल में प्रश्न बुकलेट व ओएमआर शीट का नंबर सेम होना चाहिए। पेपर शुरू करने से पहले यह चेक कर लें। पेपर खत्म होने से पहले कोई भी एग्जाम केंद्र से बाहर नहीं निकलेगा। परीक्षार्थी पेपर खत्म होने के बाद पर्यवेक्षक को कमिशन कॉपी व ओएमआर शीट सौंप कर जाएं। अपने साथ केवल कैंडिडेट कॉपी ही लेकर जाएं।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि परीक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा नोडल अधिकारी, फ्लाइंग स्क्वायड एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी और मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। स्टाफ को भी मोबाइल फोन के साथ अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रश्न पत्रों के सीलबंद बॉक्स परीक्षा केंद्रों तक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट मशीन बंद रहेगी।
रोडवेज महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा अभ्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक ले जाने और वापसी के लिए फ्री परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। एग्जाम सेंटर के निकटतम प्वाइंट तक फ्री शटल बस सेवा का संचालन भी किया जाएगा। अभ्यार्थी परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक https://hartrans.gov.in/ advance-booking-for-cet-2025/ पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर एडवांस सीट बुकिंग कर सकते हैं। परीक्षा की पहली शिफ्ट 26 जुलाई (शनिवार) को सुबह 10 बजे से 11:45 बजे तक और शाम को 03:15 बजे से 05:00 बजे तक रहेगी। इसी तरह अगले दिन 27 जुलाई को भी इसी तरह इसी समय पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से दिव्यांगों की सुविधा के लिए उनकी सीईटी परीक्षा गृह जिलों में ही ली जाएगी और सभी के परीक्षा केंद्र गृह जिलों में ही बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी जिला में 690 दिव्यांगजन हैं जो सीईटी का एग्जाम देंगे। ऐसे में उनकी स्वीकृति अनुरूप घर से परीक्षा केंद्र तक आने-जाने की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई है ताकि किसी भी रूप से दिव्यांगों को परेशानी न हो।
