पंचकूला। तृतीय श्रेणी पदों की भर्ती के लिए 26 और 27 जुलाई को होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) में इस बार परीक्षा कक्ष में अभ्यर्थियों के सामने ही प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट खोले जाएंगे। मौके पर ही दो अभ्यर्थियों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे कि 24 प्रश्नपत्रों के पैकेट पूरी तरह सीलबंद है।
पिछले दिनों हरियाणा लोकसेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा कॉलेज के सहायक प्राध्यापकों के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा में विभिन्न स्थानों पर प्रश्नपत्रों की सील टूटी होने की शिकायत मिली थी, जिस पर राजनीतिक घमासान मचा है। इससे सबक लेते हुए एचएसएससी ने नई व्यवस्था शुरू करते हुए प्रश्नपत्र खोलते समय दो अभ्यर्थियों से हस्ताक्षर कराने का निर्णय लिया है।
प्रश्नपत्रों का बंडल देखेंगे परीक्षार्थी
सोमवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने गूगल फार्म पर मिले सुझावों और शिकायतों पर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन संवाद में कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षक द्वारा प्रश्नपत्रों का बंडल परीक्षार्थियों को दिखाया जाएगा।
दो अभ्यर्थी सील की जांच करके पूरे ब्योरे के साथ अपने हस्ताक्षर करेंगे। उसके बाद ही पैकेट खोलकर प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि पैकेट की सील टूटी होने पर हस्ताक्षर न करें। सील टूटी होने पर जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कलर प्रिंट में लाएं एडमिट कार्ड
एचएसएससी चेयरमैन ने अभ्यर्थियों से कहा है कि प्रवेशपत्र का कलर प्रिंट लें। साथ में पहचान सत्यापित करने के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कोर्ड या वोटर कार्ड सहित सरकार द्वारा जारी कोई भी फोटो सहित पहचान पत्र लेकर जाएं।
प्रश्न पत्र तथा ओएमआर शीट में अगर नंबर अलग-अलग होते हैं तो उसे परीक्षा शुरू होने के पांच से दस मिनट तक बदला जाएगा। परीक्षा के पैट्रन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आयोग चेयरमैन ने बताया कि 25 प्रतिशत सवाल हरियाणा से संबंधित होंगे।
