चंडीगढ़। हरियाणा में डाक्टरों की कमी से जूझ रहे अस्पतालों को थोड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने बायोमीट्रिक और दस्तावेज सत्यापन के बाद नवचयनित 137 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं। इससे पहले 560 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए थे, लेकिन इनमें से 409 ने ही कार्यभार संभाला, जबकि 151 ने ज्वाइनिंग नहीं की।

नवचयनित डाक्टरों को नारनौल, अंबाला शहर, भिवानी, सोनीपत, जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, कैथल, झज्जर, फतेहाबाद, चरखी दादरी, यमुनानगर के जिला नागरिक अस्पतालों में नियुक्ति दी गई है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि निश्चित रूप से योग्य और समर्पित चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि मौजूदा चिकित्सा कर्मचारियों पर बोझ भी कम होगा।

यह कदम प्रत्येक नागरिक को समय पर समान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की हमारी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

आरती सिंह राव ने कहा कि यह भर्ती अभियान लंबे समय से लंबित रिक्तियों को भरने और यह सुनिश्चित करने की सरकार की व्यापक योजना का हिस्सा है कि कोई भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या सिविल अस्पताल पर्याप्त चिकित्सा कर्मचारियों के बिना संचालित न हो।
सभी सिविल सर्जनों को ईमेल के माध्यम से नियुक्ति पत्र भेजे गए हैं, जहां से चयनित उम्मीदवार इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *