करनाल के अभ्यर्थियों को यमुनानगर व पंचकूला लेकर जाने के लिए मिलेगी बसें।
करनाल परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों के लिए रहेंगी शटल बस सर्विस
करनाल, 22 जुलाई। करनाल के डीसी उत्तम सिंह कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 26 व 27 जुलाई, 2025 को आयोजित की जाने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। करनाल जिला के अभ्यर्थियों को यमुनानगर व पंचकूला लेकर जाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सभी प्लानिंग कर ली है। वहीं जो अभ्यर्थी करनाल में परीक्षा देने आएंगे, उनको परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए स्टल बस सेवा व पार्किंग आदि के लिए आवश्यक रणनीति तैयार कर ली गई है। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी इंतजाम कर लिए हैं।
सीईटी को लेकर मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इसके उपरांत जिला अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीसी उत्तम सिंह ने परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने कहा कि करनाल जिला के अभ्यार्थियों के लिए पंचकूला और यमुनानगर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्हें ले जाने के लिए 358 बसों का इंतजाम किया गया है। उन्होंने बताया कि बस के चालक-परिचालकों को निर्देश दिया गया है कि वे बाकायदा आवाज लगाकर अभ्यर्थियों को बताएं कि यह बस इस स्थान पर जा रही है। यदि कोई अभ्यार्थी गलती से दूसरी बस में चढ़ जाता है तो चालक को उसे रास्ते में आने वाले उस नजदीक कस्बे अथवा शहर में उतारना होगा जहां से वह दूसरी बस में सवार हो सके।
रिजर्व बसों की रहेगी व्यवस्था
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि रास्ते में बस के खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने रिजर्व बसों की व्यवस्था कर रखी है। उन्होंने बताया कि जींद जिला के अभ्यर्थियों के लिए करनाल में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए प्रशासन की ओर से 146 शटल बसों की व्यवस्था की है। इसके लिए बाकायदा नोडल अधिकारी लगाया गया है।
एडमिट कार्ड पर लिखे निर्देशों को अवश्य पढ़ें अभ्यर्थी
डीसी उत्तम सिंह ने अभ्यार्थियों से भी अपील की है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और एडमिट कार्ड पर दर्ज हिदायतों का पालन करें। यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से पहले दिन आना चाहे तो वह एडमिट कार्ड दिखा कर रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकता है। महिला अभ्यर्थियों के साथ उनके सहायक को भी फ्री यात्रा की सुविधा रहेगी। अभ्यर्थियों को फ्री यात्रा के लिए अग्रिम सीट बुक कराने वास्ते परिवहन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक पर पंजीकरण कराना होगा।
मोबाइल व डिजिटल उपकरण पूरी तरह रहेंगे प्रतिबंधित
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल सहित किसी भी प्रकार के डिजिटल उपकरणों का प्रयोग मान्य नहीं होगा। यह उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ भी केंद्र में मोबाइल फोन नहीं ले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाए जाने की भी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। शनिवार तथा रविवार को परीक्षा संपन्न होने तक शहर में फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर्स को खुले रखने की इजाजत नहीं होगी। अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों से भी अपील की कि वे परीक्षा केंद्र के आसपास एकत्र न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों की हिदायतों का पालन करें। पुलिस को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि एक स्थान पर अधिक लोगों को एकत्र न होने दिया जाए और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दोनों दिन अनावश्यक यात्रा से बचें।
बैठक में एसपी गंगा राम पूनिया, अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट, करनाल के एसडीएम अनुभव मेहता, घरौंडा के राजेश सोनी, नीलोखेड़ी के अशोक कुमार, डीडीपीओ संजय टांक, रोडवेज जीएम कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
