पानीपत। निंबरी गांव में उधार में सामान न देने पर एक युवक ने दुकानदार पर गोली चला दी। दुकानदार बाल बाल बच गया। आरोपित ने यहां पिस्तौल भी लहराई और गांव में दहशत फैलाई। ग्रामीणों ने आरोपित की वीडियो बना ली। आरोपित यहां दुकानदार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
इस घटना की सूचना पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। चांदनी बाग थाने में पुलिस ने दुकानदार के पिता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

निंबरी गांव निवासी बलिंद्र ने बताया कि उसकी घर के बाहर वाले कमरे में करियाना की दुकान है। सोमवार शाम को वह निजी काम से घर से बाहर गया था। उसके पीछे से उसका बेटा रजत दुकान पर बैठा था। शाम सात बजे गांव का ही विकास उर्फ विक्का दुकान पर आया। विक्का ने रजत से कोल्ड ड्रिंक, सिगरेट, चिप्स और अन्य सामान मांगा। इसके 280 रुपये बने।

विक्का ने रजत को कहा कि वो सामान के पैसे बाद में देगा। उसके बेटे रजत ने विक्का को कहा कि पिता बाहर गए हुए हैं, जब वह आ जाएंगे तो उधार में सामान ले लेना। इसके बाद विक्का वहां से चला गया। विक्का ने यहां रजत के साथ कहासुनी भी की थी।

कुछ देर बाद विक्का दोबारा दो कारों में कुछ युवकों के साथ यहां आया और रजत को आवाज देकर पैसे देने के नाम पर दुकान से बाहर बुलाया और उस पर गोली चला दी। इसमें रजत बाल बाल बच गया। गोली की आवाज सुनते ही ग्रामीण दुकान के बाहर एकत्रित हो गए।

विक्का और उसके साथी रजत को मारने के लिए दौड़ रहे थे। ग्रामीणों ने विक्का की पिस्तौल पकड़ ली। इस दौरान हवा में गोली चली। जब उन्होंने खोल उठाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उन्हें धमकाया और वह वहां से खोल उठाकर अपने पास रख लिया।

आरोपित विकास उर्फ विक्का पर पहले भी एक हत्या का मामला चल रहा है। उसने ये हत्या दो साल पहले बापौली थाना क्षेत्र में शराब ठेके के बाहर की थी। पीड़ित परिवार भी गांव का ही रहने वाला था, जोकि बदमाशों की दहशतगर्दी से परेशान होकर गांव छोड़कर जा चुका है।

आरोपित को जल्द पकड़ेंगे: संदीप

 

वारदात की सूचना पर उनकी टीम मौके पर पहुंची थी। यहां लोगों से पूछताछ की गई है। उनको एक वीडियो भी मिली है। मुख्य आरोपित व अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

संदीप सिंह, प्रभारी चांदनी बाग थाना पुलिस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *