भगवान शिव पूजन एवं अभिषेक में प्रेरणा संस्था के सदस्य एवं पदाधिकारी भी बुजुर्गों के साथ शामिल हुए
कुरुक्षेत्र, 15 जुलाई : प्रेरणा वृद्धाश्रम परिसर में देश के विभिन्न राज्यों से घरों से निकाले गए एवं अपनों द्वारा ठुकराए गए आश्रय लेने वाले बुजुर्गों में भी आजकल सावन महीने के चलते शिव भक्ति व आस्था देखते ही बनती है। प्रेरणा वृद्धाश्रम के संस्थापक एवं संचालक डा. जय भगवान सिंगला के सहयोग से वृद्धाश्रम परिसर में बने मंदिर में प्रतिदिन बुजुर्गों द्वारा पूजन एवं अभिषेक आस्था के साथ किया जा रहा है। बुजुर्गों के लिए मंदिर में प्रतिदिन पूजन के लिए फल फूल, बेलपत्र, दूध एवं अन्य पूजन सामग्री की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रेरणा संस्था की अध्यक्षा रेणु खुंगर एवं उपाध्यक्षा आशा सिंगला ने बताया कि मंदिर में सुबह शाम पूजन के समय सभी सदस्य एवं पदाधिकारी भी पहुंचते हैं। कुछ बुजुर्गों द्वारा निरंतर महामृत्युंजय मंत्रों का भी जाप किया जा रहा है। डा. सिंगला ने बताया कि वृद्धाश्रम के बुजुर्गों की इच्छानुसार निरंतर सावन के महीने की भगवान शिव की आराधना हो रही है। पूजा की व्यवस्था में भी बुजुर्गों का सहयोग रहता है। इस अवसर पर डा. ममता सूद, राधा अग्रवाल, किरण गर्ग, नरेश गर्ग, कैथल से दिनेश कुमार, हरकेश पपोसा, वृद्धाश्रम के बुजुर्ग सीता देवी, बलविंदर कौर, ऊषा सच्चर, क्षमा मल्होत्रा, जय कौर, कश्मीरी लाल जैन, जोगिंदर चंद्रकांत ठक्कर, डी श्रीवास्तव, जयराज, दीप शर्मा, धर्मवीर इत्यादि भी मौजूद रहे।
फोटो परिचय : प्रेरणा वृद्धाश्रम के मंदिर में सावन पूजन करते बुजुर्ग एवं प्रेरणा के सदस्य।
