चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों के चुनाव की प्रक्रिया चालू कर दी है। सोनीपत और अंबाला के मेयरों के विधायक बन जाने के बाद दोनों नगर निगमों में उपचुनाव कराए गए थे।

अब इन तीनों नगर निगमों के मौजूदा मेयरों व पार्षदों का कार्यकाल अगले छह माह में पूरा होने जा रहा है। जनवरी 2026 में पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों के चुनाव होने प्रस्तावित हैं, जिसकी तैयारियां अभी भी आरंभ कर दी गई हैं।

शहरी निकाय विभाग ने तीनों नगर निगमों के अधिकारियों से मतदाता सूची, फैमिली आइडी का ब्योरा और नगर निगमों में आबादी की संख्या का ब्योरा मांगा है।

तीनों नगर निगमों के आयुक्तों को पांच-पांच सदस्यीय कमेटियां भी बनाने को कहा गया है, जिनका काम नये सिरे से वार्डबंदी कराने का होगा। इस कमेटी का चेयरमैन उपायुक्त होगा, जबकि मेयर, शहरी निकाय विभाग के महानिदेशक अथवा उनका प्रतिनिधि और आयुक्त भी इस कमेटी के सदस्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *