करनाल, 11 जुलाई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला एडीआर सेंटर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जागरूकता शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. इरम हसन ने दसवीं व बारहवीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, परिजनों, अध्यापकों को जनसंख्या वृद्धि और मौलिक कर्तव्यों के बारे में जागरूक करते हुए समाज व देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि वे अपने व अपने परिवार की भलाई के लिए यातायात के नियमों का पालन अवश्य करें तथा अपने साथियों, रिश्तेदारों, परिजनों व अन्य को भी यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर उन्होंने सभी को यातायात के नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलवाई।
