13 शिकायतों में से 10 शिकायतों का हुआ निपटान–3 शिकायतों का निपटान करने के लिए सम्बन्धित को दिए निर्देश।
जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सुनी समस्याएं।
अम्बाला, 8 जुलाई – हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मंगलवार को पंचायत भवन अम्बाला शहर के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक ली और एंजैडे के तहत 13 शिकायतों को सुना, जिनमें से 10 का समाधान किया गया और 3 शिकायतों के समाधान से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देकर अगली मीटिंग में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इससे पहले कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कष्ट निवारण समिति के नवनियुक्त सभी सदस्यों को बधाई दी और कहा कि सभी जिला प्रशासन के साथ मिलकर लोगों की समस्याओं को दूर करने में भूमिका निभाएं।
इस मौके पर उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, पूर्व विधायक डा. पवन सैनी, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश बतौरा, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा सहित कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।
इस मौके पर जन स्वास्थ्य अभियान्त्रिकी व लोक निर्माण (भवन व सडक़ें) विभाग मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में एंजैडे में रखी 13 शिकायतों को सुनते हुए 10 का निवारण किया गया है और 3 शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को मार्क करते हुए उसका स्टेटस जानने के लिए विभाग को कहा गया है, जिसके बाद स्टेटस जानते हुए इन शिकायतों का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्य को ईमानदारी से करें। यदि किसी की भी किसी कार्य में कोई लापरवाही या कौताही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी। आज की बैठक के दौरान एक मामले में नगर निगम से सम्बन्धित को शॉकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं और जो भी आगामी कार्रवाई होगी वो अमल में लाई जाएगी।
मासिक बैठक के दौरान एंजैडे में रखी शिकायत के तहत निर्मला देवी पत्नी जगमाल सिंह गांव रतनहेड़ी की शिकायत थी कि उसने एक प्लाट 4 लाख 80 हजार रूपए में खरीदा था। हमने उस प्लाट पर कब्जा लेकर उस पर बलियां लगा दी थी। उसके बाद मेरा पति बीमार हो गया जिस कारण हम प्लाट पर नहंी जा सके। उसने आरोप लगाया कि उस प्लाट पर किसी अन्य ने कब्जा कर लिया है। इस शिकायत पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि उक्त जगह का नगर परिषद सचिव मुआयना करते हुए रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त को सौंपे और जो भी प्रार्थी की प्लाट से सम्बन्धित कार्य है उसे करवाएं।
पुनीत गोयल प्रधान ओम वैल्फेयर सोसायटी हिसार ने अपनी शिकायत में कहा कि त्रिलोचन सिंह, कमलजीत कौर व अन्य जोकि गुरू नानक ग्रुप ऑफ इंस्टीटयूट मुलाना में ट्रस्टी हैं। जिन्होंने अपनी ट्रस्ट की देनदारियों के लिए इस सोसायटी में प्रवेश किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों ने एमओयू करते हुए सोसायटी में 11 करोड 50 लाख का गबन किया है। इस मामले में डीएसपी नारायणगढ सूरज चावला ने मंत्री को अवगत करवाया कि इस मामले में दोबारा से लिगल ओपिनियन ले लिया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस मामले में एमओयू के बाद दोबारा से किसी अन्य को देना गल्त है। इस मामले में जिन भी लोगों की संलिप्तता पाई जाती है उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई अमल में लाएं।
गांव बलाना निवासी बलविन्द्र सिंह व अन्य ने अपनी शिकायत में कहा कि बलाना से हुमांयुपुर कच्चे रास्ते पर कोई पुलिया या पाईप नहीं दिया गया है जिससे खेतों में जल भराव हो जाता है और वह कईं-कईं दिन तक खेतों में खड़ा रहता है। बरसाती पानी की कोई निकासी नहीं है। इस मामले में एनएचएआई से अधिकारी ने बताया कि पाईप डाल दिए गए हैं लेकिन प्रार्थी ने कहा कि जहां पर उसने पाईप डालने के लिए आग्रह किया था वहां पर पाईप नहीं डाले गए हैं, इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रार्थी को साथ लेकर दोबारा से जगह का मुआयना करें और जो भी पानी निकासी की व्यवस्था हो सकती है उसे करें।
शालीमार कालोनी निवासी चंचल रानी ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके ने घर के बाहर सडक़ पर टॉयलेट टैंक बना हुआ है और उसमें सफाई नहीं हुई है। जिसके कारण बदबू व उसके घर के कमरों में सीलन आ गई है। इस मामले में बैठक के दौरान नगर निगम द्वारा प्रार्थी का संतुष्टि जाहिर करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया लेकिन सम्बन्धित विभाग की ब्रांच का कोई कर्मचारी मौजूद न होने पर कैबिनेट मंत्री ने नराजगी जताते हुए कहा कि इस मामले में जिसकी भी लापरवाही है उसे शॉकाज नोटिस जारी किया जाए और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बलदेवनगर निवासी नरेश कुमार कश्यप ने अपनी शिकायत में कहा कि राज विहार कालोनी बरनाला रोड पर एक शराब का ठेका खोला हुआ है। उसका आरोप था कि वह सरकारी रिकार्ड में नहीं है जिससे महिलाओं व बच्चों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है, उसका आरोप यह भी था कि खुले में लोग शराब पीते है। इस मामले में आबकारी विभाग के डीईटीसी ने बताया कि यह ठेका पोलिसी अनुसार खुला हुआ है और जो भी मापदंड है वह पूरा करता है। स्कूल भी इस ठेके से दूर है। कैबिनेट मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि कोई भी ठेके के बाहर खुले में शराब न पीए इसके लिए पुलिस कार्रवाई करे।
गांव बलाना निवासी सलिन्द्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव का जो जोहड है उस पर कुछ लोगों ने नजायज कब्जा किया हुआ है, इसके साथ-साथ जो पंचायती नाला है उस पर भी कुरडियां व गोबर गिराकर उसको बंद कर दिया है जिसके चलते पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने सम्बन्धित विभाग को निर्देश दिए कि जेा भी खाली जगह है वहां पर यदि किसी ने अस्थाई कब्जा किया हुआ है उसे वहां से हटवाते हुए वहां पर तारबंदी करवाएं और नाले की सफाई करवाना सुनिश्चित करवाएं।
गांव मोहडा निवासी संदीप कुमार, जसविन्द्र सिंह व अन्य ने अपनी शिकायत में बताया कि जो नाला उनके घरों व दुकानों से जा रहा था और उसमें पानी सुचारू रूप से चल रहा था लेकिन गांव के कुछ लोगों ने उस नाले को क्षतिग्रस्त कर दिया है और यह नाला तकनीकी अनुसार भी नहंी बना है। इस मामले में सीईओ जिला परिषद ने बताया कि उक्त जगह का निरीक्षण किया गया है और लगभग 300 फुट नाला तकनीकी अनुसार भी नहीं बना है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में जांच करते हुए सम्बन्धित ग्राम सचिव को शॉकाज नोटिस जारी करते हुए उससे रिकार्ड भी तलब किया गया है।
गांव चौडमस्तपुर निवासी बलजिन्द्र सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 23 मई 2025 को गांव के ही रहने वाले सोहन सिंह व अन्य ने उसके साथ उसकी दुकान पर आकर मारपीट की व उसकी चैन के साथ-साथ पंचायती बोली के जो रूपए थे वह छीन लिए। इस मामले में पुलिस विभाग से आए जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और चैन छीनने से सम्बन्धित कोई साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसे धमकाया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को कहा कि इस मामले को देखें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि आरोपी बेल पर हैं और यदि वह प्रार्थी को धमका रहे हैं तो उनकी बेल रद्द हो सकती है।
नारायणगढ़ के गांव कल्याणा निवासी बलवंत सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी गांव में कृषि योग्य भूमि है और उसके भाईयों ने उस पर कब्जा किया हुआ है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री ने एसडीएम नारायणगढ को निर्देश दिए कि तहसीलदार कोर्ट में इस केस को डलवाकर जल्द से जल्द इसका फैसला करवाएं ताकि प्रार्थी को उसकी हिस्से की जमीन मिल सके। इसके अलावा एंजैडे से सम्बन्धित जो अन्य शिकायतें थी उनका निपटान हो गया है।
इसके साथ-साथ जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे अन्य प्रार्थियों की शिकायतों को भी कैबिनेट मंत्री ने सुनते हुए सम्बन्धित को मार्क करते हुए इनका निपटान करने बारे भी निर्देश दिए।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्र पाल, एसडीएम अम्बाला शहर दर्शन कुमार, एसडीएम बराड़ा शाश्वत् सांगवान, एसडीएम नारायणगढ शिवजीत भारती, नगराधीश अभिषेक गर्ग, सीईओ जिला परिषद गगनदीप सिंह, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त अदिति, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, आरटीए सुशील कुमार, कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य तथा जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *