-55 मरीजों की कमजोर मिली हड्डी, उपचार के साथ हिदायत दी
कुरुक्षेत्र,4 जुलाई।
श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आयुर्वेद अध्ययन एवं अनुसंधान संस्थान (अस्पताल) में शुक्रवार को हड्डी खनिज घनत्व (बीएमडी) जांच शिविर लगाया गया,जिसमें 70 से अधिक मरीजों की हड्डियों की जांच की गई। जांच में 55 मरीजों की हड्डी कमजोर मिली हैं। आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं शल्य तंत्र विभाग के चेयरमैन डॉ.राजेंद्र चौधरी ने बताया कि आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में हर महीने के पहले शुक्रवार को शल्य तंत्र विभाग द्वारा हड्डी खनिज घनत्व (BMD) कैंप लगाया जाता है, जिसमें ऑस्टियोपोरोसिस समेत अन्य हड्डी संबंधी रोगियों की निशुल्क जांच की जाती है। डॉ.चौधरी ने बताया कि बीएमडी जांच हड्डियों की मजबूती का परीक्षण करने के लिए की जाती है। इससे पता चलता है कि आपकी हड्डियों में कितनी मात्रा में खनिज (कैल्शियम) हैं। यह जांच विशेष रूप से ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों का कमजोर होना) और अन्य हड्डी संबंधी रोगों के जोखिम का आकलन करने के लिए महत्वपूर्ण है। शुक्रवार को 70 से अधिक मरीजों की हड्डियों की जांच की गई, जिनमें से ज्यादातर मरीजों की हड्डी कमजोर मिली है। उन मरीजों को उपचार देने के साथ-साथ विशेषज्ञों ने जरूरी हिदायत भी दी हैं। उनका कहना है कि कई बार उम्र के साथ या अन्य बीमारियों के कारण हड्डियां समय से पहले कमजोर हो जाती हैं ऐसे में बीएमडी टेस्ट करना बेहद जरूरी है,क्योंकि इससे फ्रैक्चर के खतरे का आकलन किया जाता है।
