फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक पर जा रहे एक परिवार को टक्कर मार दी, जिसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और बच्चे घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार चालक फरार हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

इस संबंध में बताया जा रहा है कि महिला कार के नीचे फंस गई थी, जिसे कार चालक लगभग 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर गाड़ी को बैक करके वहां से भाग निकला। इस हादसे में महिला बुरी तरह घायल हो गई थी। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मायके आई थी महिला

भूपानी गांव में रहने वाली अनीता की शादी बाराबंकी के गंगापुर गांव के राजकुमार से 2010 में हुई थी। अनीता का एक बेटा ऋषभ और बेटी जानवी है। मृतका दो माह पहले बच्चों के साथ मायके आई थी। दो दिन पहले ही उसका पति राजकुमार उसे वापस ले जाने आया था। परिवार लौटने से पहले सिद्धदाता आश्रम में दर्शन करने गया था।

रात में हादसा, आरोपी फरार

बुधवार रात करीब 11 बजे राजकुमार अपनी पत्नी अनीता और बच्चों को बाइक पर लेकर खेड़ी-ओल्ड चौक के पास से लौट रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पूरा परिवार सड़क पर गिर पड़ा। बाइक के पीछे बैठी अनीता कार में फंस गई और कार सवार उसे करीब 10 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद आरोपी कार को बैक कर वहां से फरार हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी पूनम हुड्डा ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अनीता ने दम तोड़ दिया। वहीं राजकुमार और बच्चों की हालत स्थिर है। बृहस्पतिवार शाम अनीता का पोस्टमार्टम कराया गया।

सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस

पुलिस के अनुसार आरोपी चालक को पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। घटनास्थल के पास दुकान लगाने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *