पानीपत। स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने वीरवार दोपहर को सेक्टर-25 में खोखे में क्लीनिक चला रहे एक व्यक्ति को पकड़ा है। यह व्यक्ति अनपढ़ मिला और वह तीन साल से खोखे में ही क्लीनिक चला रहा था। इसकी शिकायत अज्ञात व्यक्ति ने मुख्यालय में की थी।

मुख्यालय के निर्देशों पर सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने वीरवार को एक टीम का गठन किया था। टीम ने खोखे पर दबिश देकर यहां से एंटीबायोटिक, दर्द, बुखार, उल्टी की दवाएं बरामद की। इसके अलावा यहां ग्लूकोज व थर्मामीटर भी मिला। यहां पर बच्चों को दिए जाने वाले सिरप भी मिले हैं।
टीम ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी है। अब मुख्यालय के निर्देशों पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि 24 जून को उनको मुख्यालय से सूचना मिली थी कि सेक्टर-25 में टाटा मोटर्स के सामने एक खोखे में क्लीनिक चल रहा है

उसने डॉ. ललित कुंडू के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम में ड्रग कंट्रोलर विजय राजे को भी शामिल किया गया। टीम ने यहां दबिश दी तो यहां नरुखेड़ी, करनाल निवासी कुलदीप मिला। कुलदीप से क्लीनिक चलाने के लिए लाइसेंस मांगा गया तो उसके पास नहीं मिला।

उसकी शैक्षणिक योग्यता के कागज मांगे तो उसके पास वो भी नहीं मिले। यहां काफी सारी दवाएं, इंजेक्शन, ग्लूकोज मिली। पूछताछ में उसने बताया कि वह अनपढ़ है। यहां पर अधिकतर श्रमिक इलाज के लिए आते हैं। क्लीनिक को सील कर दिया गया है। अब उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *