अभियान के तहत ग्रामीण व दूरदराज के नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं तथा पेंशन योजनाओं से जोड़ा जाएगा : एलडीएम
करनाल, 1 जुलाई। पंजाब नेशनल बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक सुशील हन्दुजा ने बताया कि वित्त मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित तीन माह का वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक मनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं तथा पेंशन योजनाओं से जोड़ते हुए वित्तीय समावेशन को सशक्त करना है। अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिले के ग्राम बसताड़ा में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीडीपीओ संजय टांक ने शिरकत की।
एलडीएम ने बताया कि इस अवसर पर ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई और मौके पर ही लाभार्थियों को सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता खोलना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, बचत खातों की री-केवाईसी प्रक्रिया, डिजिटल लेनदेन एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत के पहले ही दिन ग्रामवासियों में भारी उत्साह देखा गया। अभियान में गांव के गणमान्य नागरिकों, युवा वर्ग, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
उन्होंने कहा कि यह अभियान करनाल जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचकर, ग्रामीण आबादी को मुख्यधारा की बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। यह अभियान आगामी 30 सितंबर 2025 तक चलेगा और इसके अंतर्गत जिला प्रशासन एवं बैंकों का समन्वित प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति वित्तीय सेवाओं से वंचित न रहे।
इस मौके पर उप महाप्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक जोगिंदर सिंह, एसएलबीसी चंडीगढ़, डीजीएम, पीएनबी मंडल कार्यालय करनाल जगजीत सिंह, चेयरमैन नगर परिषद घरौंडा हैप्पी लक गुप्ता, चीफ मैनेजर कैनरा बैंक घरौंडा अमित कुमार झा, सरपंच बसताड़ा सुरेश फौजी एवं रीजनल मैनेजर सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक पानीपत सुधीर दहिया, एफ एल सी कैनरा बैंक बी के मेहता, एफ एल सी पंजाब नेशनल बैंक चन्दर मोहन उपस्थित रहे।
