करनाल, 1 जुलाई। जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी ने बताया कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के तत्वाधान में जिला शाखा द्वारा बच्चों में छिपी प्रतिभा को उभारने के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन 2 से 30 जून किया गया। शिविर का समापन समारोह गत दिवस बाल देखभाल गृह एम.डी.डी.बाल भवन में आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष उत्तम सिंह के दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन में बच्चों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए आयोजित इस शिविर में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां सिखाई गयी जिनमें जूडो-कराटे तथा नृत्य शामिल रहे, शिविर की सभी गतिविधियों में बच्चों ने आनंद उठाया। शिविर में बच्चों ने जो सीखा, उसका प्रदर्शन स्टेज पर किया।
मंजू चौधरी ने बताया इस वर्ष यह शिविर विशेषकर बाल गृह के बच्चों के लिए आयोजित किया गया था जिसका मुख्य उद्देश्य था कि बाल गृह के बच्चों को भी सामान्य बच्चों की तरह सभी प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिल सके। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविर के माध्यम से बच्चे तनाव मुक्त हो कर अपना मानसिक और शारीरिक विकास कर सकते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी सुमन शर्मा ने बताया कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास के लिए जिला बाल कल्याण परिषद इस प्रकार की गतिविधियां आयोजित करती रहती हैं। उन्होंने अनुभवी ट्रेनरों द्वारा इतने कम समय में बच्चों को अच्छे से गतिविधियां सिखाने की सराहना की। इस मौके पर एम.डी.डी. बाल भवन के संस्थापक पी.आर. नाथ, प्रशिक्षक राजेश कुमार एवं पूनम तथा बाल भवन का स्टाफ उपस्थित रहा।
