हरियाणा में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा, हरेडा के माध्यम से सोलर प्लांट लगाने की योजना
करनाल, 29 जून। अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग व हरेडा के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण एवं सौर ऊर्जा को बढावा देने के लिए सभी सरकारी भवनों में ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाने की योजना लागू की है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिला की पंजीकृत अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग की धर्मशालाओं में 75 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाए जाएंगे। इसकी 25 प्रतिशत राशि सम्बंधित संस्था द्वारा वहन की जाएगी। इन धर्मशालाओं में बिना बैटरी बैंक के 5 किलोवाट तक के सोलर पावर प्लांट लगाये जायेंगे। इस योजना का पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लाभ मिलेगा। इच्छुक सामाजिक संस्थाओं का नीति आयोग के दर्पण पोर्टल पर पंजीकृत होनी अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की सरकारी एवं गैर सरकारी गुरुकुल, कामकाजी महिला छात्रावास, अनाथालय, वृद्ध आश्रमों, बालगृह, नारी निकेतन, प्राकृतिक चिकित्सालय, रेडक्रॉस संस्थान तथा धर्मार्थ संस्थानों पर 50 प्रतिशत अनुदान पर ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट लगाये जायेंगे। जिसकी 50 प्रतिशत की राशि सम्बंधित संस्था द्वारा दी जाएगी। इन संस्थानों में बिना बैटरी बैंक के 50 किलोवाट तक के सोलर पावर प्लांट लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि योजना के बारे में अधिक जानकारी के लिए सेक्टर-12 में लघु सचिवालय की दुसरी मंजिल पर स्थित अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में सम्पर्क कर सकते हैं।
