3 लाख इनामी गैंगस्टर रोमिल वोहरा मुठभेड़ में ढेर, शांतनु मर्डर केस के 10 आरोपी गिरफ्तार
बदमाशों को छोड़ना होगा हरियाणा प्रदेश,
एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण व एसपी कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
कुरूक्षेत्र। एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि एसटीएफ हरियाणा को एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने एक संयुक्त अभियान के दौरान कुख्यात अपराधी रोमिल वोहरा को काबू करने की कोशिश में हुई मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। इस अपराधी रोमिल वोहरा पुत्र कपिल वोहरा, निवासी अशोक विहार, यमुनानगर, जिसकी गिरफ्तारी पर 3 लाख का इनाम घोषित था।
एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण व एसपी कुरुक्षेत्र नीतीश अग्रवाल ने मंगलवार को एसपी कार्यालय के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अपराधी रोमिल वोहरा गुरुग्राम और फरीदाबाद से दिल्ली व उत्तरी हरियाणा में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर एसटीएफ सेंट्रल यूनिट के इंचार्ज उप निरीक्षक राकेश कुमार व एसटीएफ करनाल यूनिट की टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए जानकारी को काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल दिल्ली के साथ साझा किया गया।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में रोमिल ढेर
उन्होंने कहा कि संयुक्त कार्रवाई के तहत स्पेशल सेल दिल्ली के निरीक्षक मंजीत सिंह व उनकी टीम को ऑपरेशन में शामिल किया गया। दोनों एजेंसियों द्वारा गुरुग्राम-फरीदाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर अलसुबह सघन नाकाबंदी की गई। इस दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ हरियाणा के उप निरीक्षक रोहन, स्पेशल सेल दिल्ली के उप निरीक्षक प्रवीन और आरोपी रोमिल वोहरा घायल हो गए। सभी को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां रोमिल को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों पुलिस अधिकारियों का उपचार जारी है।
रोमिल वोहरा : एक हार्डकोर गैंगस्टर, हत्या और फायरिंग के मामलों में वांछित
उन्होंने कहा कि रोमिल वोहरा एक कुख्यात अपराधी था, जिस पर खेडी लक्खा सिंह ट्रिपल मर्डर और शांतनु मर्डर (शाहाबाद) सहित आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इन मामलों में फायरिंग, अवैध हथियारों की सप्लाई, हत्या की योजना और संगठित आपराधिक गतिविधियाँ शामिल थीं। वह लंबे समय से फरार था और स्ञ्जस्न की प्राथमिक सूची में शामिल वांछित अपराधियों में से एक था।
शांतनु मर्डर केस में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी काबू
उन्होंने कहा कि 13 जून 2025 को शाहाबाद में हुए शांतनु मर्डर केस की जांच में एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता मिली है। उप पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ अंबाला और करनाल यूनिट की टीमों ने इस केस से जुड़े कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हत्या की साजिश, रैकी, शूटर के रूप में सक्रिय भूमिका और वित्तीय/लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रदान करने में शामिल थे। पाँच आरोपियों को पहले सप्ताह में जबकि शेष पाँच को 23 एवं 24 जून को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
एसटीएफ हरियाणा की ओर से लगातार कार्रवाई जारी
उन्होंने कहा कि एसटीएफ हरियाणा द्वारा की गई यह कार्रवाई आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चल रहे निरंतर अभियानों की एक कड़ी है। इस प्रकार के अभियानों से संगठित अपराध को प्रभावी ढंग से कुचलने में मदद मिल रही है। इस प्रदेश में एसटीएफ भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।
बदमाशों को या बदमाशी छोडनी होगी या फिर हरियाणा प्रदेश
एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार पुलिस बदमाशों के साथ सख्ती से कार्रवाई कर रही है। इस प्रदेश में अब बदमाशों को या तो बदमाशी छोडनी होगी या फिर हरियाणा प्रदेश।
युवाओं को बदमाशों के सोशल मीडिया के अकाउंट से रहना होगा दूर:नीतीश अग्रवाल
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवाओं को बदमाशों या गैंगस्टर के सोशल मीडिया अकाउंट से दूर रहना होगा और इन अकाउंट के फ्लोवर से बनने से बचना होगा। अगर कोई भी व्यक्ति बदमाशों या गैंगस्टर के सोशल मीडिया को फ्लो करेंगे तो उन युवाओं के खिलाफ भी पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
