कुवि के 23 पाठ्यक्रमों में मैरिट के आधार पर होगा दाखिला, आवेदन तिथि 30 तक बढ़ाई
कुरुक्षेत्र, 24 जून। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन 587 परीक्षार्थी विभिन्न प्रोग्राम्स की परीक्षा देने पहुंचे जिसमें एम.एस.सी सूक्ष्म जीव विज्ञान में 89, एम.एस.सी. भूगोल में 193 व एम.एस.सी. रसायन विज्ञान में 305 विद्यार्थियों ने शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दी जिसके लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए। बुधवार को यूजी/पीजी कोर्सिज की श्रृंखला में तीन पीजी प्रोग्राम्स एम.एम.सी. फोरेंसिक विज्ञान, एम.एस.सी. गणित व एम.एस.सी. प्राणी विज्ञान व एम.एस.सी. भौतिकी की परीक्षा होगी जिसमें 1035 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है।
इस बारे जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के दिशा-निर्देशानुसार कुवि के विभिन्न विभागों के पाठ्यक्रमों के लिए सत्र 2025-26 के लिए 11203 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है जिसमें 23 जून से 8 जुलाई तक इन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। मंगलवार को एम.एस.सी. माइक्रोबायोलॉजी में 89 परीक्षार्थी सुबह 10 बजे परीक्षा देने पहुंचे जबकि दोपहर सत्र में 12.30 बजे एम.एस.सी. भूगोल की परीक्षा सम्पन्न हुई जिसमें 193 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इन दोनों परीक्षाओं के लिए कुवि कैम्पस में 2 परीक्षा केन्द्र बनाए गए जिसमें केन्द्र अधीक्षक व ऑब्जर्वर को नियुक्त किया गया ताकि यह सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकल रहित सम्पन्न हो सकें। यह परीक्षाएं भेषज्य विज्ञान संस्थान व विधि संस्थान में सम्पन्न हुईं। उन्होंने बताया कि
दोपहर 3.30 बजे कम्युनिटी सेंटर ब्लॉक-1 व ब्लॉक-2 में एम.एस.सी. रसायन विज्ञान की प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई जिसमें 305 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे। इसके साथ ही परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।
इसके अतिरिक्त केयू प्रशासन ने सत्र 2025-26 की प्रवेश प्रक्रिया के अंतर्गत कई पाठ्यक्रमों के दाखिले को मेरिट के आधार पर करवाने का निर्णय लिया है। इन कोर्सेज में एम.ए.एजुकेशन, एम.एड. स्पेशल एजुकेशन (वी.आई), एम.एस.सी. मास कम्युनिकेशन, एम.एस.सी. प्रिंटिंग, ग्राफिक्स एंड पैकेजिंग टेक्नोलॉजी, एम.ए. वूमेन स्टडीज, एम.टी.टी.एम, एम.एस.सी. अप्लाइड जियोफिजिक्स, एम.ए. डिफैंस स्टडीज, एम.ए. जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, एम.एच.एम. एंड सीटी, एम.लिब (एक वर्षीय), एम.एस.सी. गृह विज्ञान (हयूमेन डेवलपमेंट), एम.ए. दर्शन शास्त्र, एम.ए. योगा, एम.एस.सी. इलेक्ट्रॉनिक साइंस, एम.एस.सी. सांख्यिकी, एम.ए. एआईएच, एम.ए. पंजाबी, एम.ए. संस्कृत, एम.ए. समाजशास्त्र, एम.ए. फाइन आर्टस, एम.एस.सी. जैव रसायन शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केयू प्रशासन द्वारा 30 जून तक आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है।
डॉ. अंकेश्वर ने बताया कि प्रवेश परीक्षाओं के अंतर्गत बुधवार को सुबह 10 बजे एम.एम.सी. फोरेंसिक विज्ञान, दोपहर 12.30 बजे एम.एस.सी. गणित व एम.एस.सी. प्राणी विज्ञान व 3.30 बजे एम.एस.सी. भौतिकी की परीक्षा होगी जिसमें 1035 विद्यार्थी परीक्षा देंगे जिसके लिए भेषज्य विज्ञान संस्थान, विधि संस्थान, विधि विभाग, कम्युनिटी सेंटर ब्लॉक-1, ब्लॉक-2, यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। डॉ. अंकेश्वर ने बताया कि ओएमआर शीट पर हुई 1 घंटे की इस परीक्षा का परिणाम भी साथ-साथ घोषित किया जा रहा है व कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार सभी विभागों/संस्थानों द्वारा अपने कोर्सेज की उत्तर-कुंजी को विश्वविद्यालय की वेबसाइट व एडमिशन पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है ताकि सभी परीक्षार्थी अपने उत्तरों का सही ढंग से मिलान कर सकें। इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *