गुरुग्राम। शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी करते हुए 21 से 26 जून तक लगातार वर्षा की चेतावनी दी है। अगले छह दिनों तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर झमाझम वर्षा होगी।
शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलने से उमस से राहत मिली। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मानेसर क्षेत्र में हल्की वर्षा और हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया।
चार तरह के होते हैं अलर्ट
- ग्रीन अलर्ट : सामान्य मौसम, किसी विशेष चेतावनी की जरूरत नहीं।
- येलो अलर्ट : 64.5 एमएम तक वर्षा संभव। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
- आरेंज अलर्ट: 64.5 एमएम से अधिक और 115.5 एमएम तक की वर्षा हो सकती है।
- रेड अलर्ट : अत्यधिक भारी वर्षा का संकेत, 115.6 एमएम से अधिक वर्षा संभव। यह जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।
मानसून की दस्तक जल्द, खेती को मिलेगा फायदा
आधिकारिक तौर पर मानसून के महीने के अंत तक प्रदेश में पहुंचने की संभावना है, लेकिन कहीं-कही हल्की वर्षा होने से मौसम सुहाना हो गया है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में फसलों की बुवाई भी शुरू हो गई है। खासकर धान, बाजरा और मूंग जैसी फसलों की बुवाई के लिए यह समय अनुकूल है।
21 से 26 जून तक वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अच्छी वर्षा होगी। तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहाना रहेगा।
डॉ. मंजीत, मौसम विशेषज्ञ कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर (गुरुग्राम)
