पानीपत। सीआईए थ्री ने सेक्टर 25 में हनुमान चौक के पास से घरों व सार्वजनिक स्थानों से बाइक चोरी करने के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर नौ महीने में 22 वारदात को अंजाम दिया था। 

नशे की लत को पूरा करने के लिए इन पांच युवकों ने एक गिरोह बना लिया था। सरगना फरार है। यह गिरोह दिन में रेकी कर रात को घरों में चोरी करता था। यह उन घरों को निशाना बनाते थे जिन पर दिन में ताला लगा होता था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर आठ दिन के रिमांड पर लिया है। बाकी तीनों आरोपितों की धरपकड़ की जा रही है। 

उप पुलिस अधीक्षक सतीश वत्स ने मंगलवार को इस संबंध में जिला सचिवालय में प्रेसवार्ता कर पूरी घटना की जानकारी दी है। सीआईए थ्री सोमवार रात को जीटी रोड पर गश्त कर रही थी। टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर 25 में हनुमान चौक के पास दो युवक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं
सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची। यहां से दोनों युवकों को हिरासत में लिया। इनकी पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के गांव चकिया हाल पूरेवाल कालोनी निवासी रवि उर्फ दानेदार हाल व गांव चुलकाना निवासी शिवा उर्फ रसगुल्ला के रूप में हुई। पूछताछ करने पर उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ 28 मार्च की रात गंगाराम कॉलोनी में एक घर का ताला तोड़कर सोना की एक जोड़ी बाली, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब, 10 चांदी के सिक्के, माथे का टीका, दो घड़ी, एक गैस सिलिंडर व 10 हजार रुपये नकद चोरी करने की वारदात में कबूलनामा किया। 

इसके अलावा इन्होंने चोरी की 22 वारदात में कबूलनामा किया है। इन्होंने थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत 8, थाना तहसील कैंप क्षेत्र में 6, थाना माडल टाउन क्षेत्र में 5 व थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में तीन चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित शिवा पर पहले भी चोरी की वारदात के दो मामले दर्ज हैं। वह सितंबर 2024 में जेल से बेल पर बाहर आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *