उपायुक्त उत्तम सिंह ने ली जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की  बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
करनाल, 28 मई। 
उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिला में अवैध खनन पर पूर्णत: अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त उत्तम सिंह बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी (खनन) की  बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला में अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस विभाग, माइनिंग विभाग, एनफोर्समेंट विभाग मिलकर स्थाई नाकाबंदी करें, ताकि अवैध माइनिंग में लगे और ओवरलोडिड वाहनों को रोका जा सके।
उन्होंने एनफोर्समेंट विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन पर नियंत्रण रखने के लिए अपनी गतिविधियां बढ़ाएं और उन पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अवैध खनन की शिकायत मिलती है, ऐसे स्थानों पर पुलिस विभाग के साथ-साथ खनन विभाग के अधिकारी भी अपनी पैनी नजर रखें और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाएं तथा उनकी एफआईआर भी दर्ज करवाएं।
उपायुक्त ने विशेष रूप से इंद्री के गांव चंद्राव, गढ़पुर व कलसौरा में चल रहे अवैध खनन संबंधी शिकायतों पर अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में लगातार अवैध माइनिंग की निगरानी की जाए और इसे रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।
बैठक में खनन अधिकारी निरंजन लाल ने बताया कि जिला में अवैध खनन के खिलाफ निरंतर चैकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत अवैध खनन के मामलों में अब तक 12 वाहनों को जब्त किया गया जिन पर करीब 28 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही 18 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं और 66 चालान भी काटे गए हैं।
इस मौके पर करनाल एसडीएम अनुभव मेहता, घरौंडा एसडीएम राजेश सोनी, डीएसपी इंद्री सतीश, एनफोर्समेंट एसएचओ सोनू सहित अन्य भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *