मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मथाना गौवंश धाम एवं अनुसंधान केन्द्र में आधुनिक गौ चिकित्सालय का किया शिलान्यास, परियोजना पर खर्च होगा करीब 6 करोड़ का बजट,मुख्यमंत्री ने आधुनिक गौ-चिकित्सालय के निर्माण के लिए 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की कि घोषणा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने गौ चिकित्सालय का किया भूमि पूजन, गौ चिकित्सालय के परिसर में लगाई त्रिवेणी, गऊ माता का किया पूजन
लाडवा/कुरुक्षेत्र, 26 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की गौशालाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए सरकार ने गौसंर्वधन योजना को अमलीजामा पहनाने का काम किया है। इस योजना के तहत गऊशालाओं में बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस योजना का आगाज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुनानगर में प्रदेश के पहले गौसंर्वधन बायोगैस प्रोजैक्ट का शिलान्यास किया है। इस प्रोजैक्ट पर 90 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। अहम पहलू यह है कि प्रदेश सरकार ने भी पंजीकृत 683 गऊशालाओं के लिए 595 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को लाडवा विधानसभा के गांव मथाना के गौवंश धाम एवं अनुसंधान केन्द्र में गौ-चिकित्सालय के शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गौ चिकित्सालय का शिलान्यास किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, गौ सेवक राजेन्द्र गावड़ ने लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले गौ चिकित्सालय के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और नींव भी रखी। इसके साथ ही गौशाला व चिकित्सालय के प्रांगण में त्रिवेणी लगाई और मंत्रोच्चारण के बीच गऊ पूजन भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गौ चिकित्सालय के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा भी की है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मथाना में गौ सेवक राजेंद्र सिंह गावड़ द्वारा आधुनिक गौशाला और अत्यधिक पशु अस्पताल का निर्माण करवाया जाएगा। इस निर्माण के बाद लाडवा क्षेत्र में बेसहारा गौवंश सडक़ों पर नहीं घूमेगा। इसके साथ ही बीमार गौवंश का इलाज भी होगा। इस क्षेत्र के पशुपालकों को भी अपने पशुओं का इलाज करवाने की यहां पर सुविधा प्राप्त होगी। यह निर्माण कार्य गौ सेवक राजेंद्र सिंह गावड़ के अनुदान व अन्य सहयोग से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गौशालाओं में चारा के लिए 270 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। पिछले वर्ष 608 गौशालाओं में 166 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई थी और 310 गौशालाओं में शैड के लिए 30 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। इस प्रदेश में गायों की सुरक्षा के लिए सरकार ने सख्त कानून भी बनाए हैं।
331 गौशालाओं में लगाए गए सौर उर्जा प्लांट, 344 में चल रहा निर्माण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गौ माता की सेवा हमारे धर्म और संस्कृति का एक अभिन्न अंग है। सरकार द्वारा गौसंरक्षण पर लगातार बल दे रही है। प्रदेश में आर्थिक और औद्योगिक विकास के साथ-साथ धार्मिक पहचान को भी बरकरार रखने की सोच को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस वित्त वर्ष में एक लाख एकड़ में प्राकृतिक खेती करने का लक्ष्य रखा है। प्राकृतिक खेती के लिए देशी गाय की जरुरत होती है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्रति देशी गाय खरीदने पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पंचायत की गौचरान भूमि को गौशालाओं के लिए दिए जाने का प्रावधान किया गया है। इसके गौशालाओं में रहने वाले बेसहारा गौवंशों के लिए चारा का प्रबंध हो सके। प्रदेश में 331 गौशालाओं में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किये जा चुके हैं। 344 गौशालाओं में शीघ्र ही सौर उर्जा प्लांट स्थापित किये जाएंगे। इस सौर ऊर्जा प्लांटों पर सरकार द्वारा 90 फीसदी सब्सिडी दी जा रही है।
गौशालाओं में शैड, पानी और चारे की व्यवस्था के लिए सरकार ने 8 करोड़ रुपए की राशि जारी की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में तीन गौ-अभ्यारण का निर्माण करने का फैसला लिया है, इनमें गांव नैन, ढोढर और पंचकूला को चुना है। गौशालाओं में शैड, पानी और चारे की व्यवस्था के लिए सरकार ने 8 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। गौशाला में शैड बनाने के लिए हर गौशाला को 10-10 लाख देने की घोषणा की थी, 50 गौशालाओं में शैड का निर्माण पूरा कर लिया है और बाकी गौशालाओं में भी शैड का निर्माण जल्द ही पूरा किया जाएगा। गौशालाओं के सहयोग के लिए सरकार ने विशेष योजना तैयार की है। वित्त वर्ष के बजट में गौशालाओं के लिए 595 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है जबकि वर्ष 2014 से पहले की सरकार ने बजट में मात्र 2 करोड़ रुपए गौशालाओं के लिए रखे हुए थे। वर्ष 2014 में प्रदेश की 214 पंजीकृत गौशालाओं में 1.74 लाख गौवंश था। भाजपा की सरकार ने गौवंश के लिए विशेष योजना तैयार की और अब 683 पंजीकृत गौशालाएं हैं, इनमें 4.5 लाख गौवंश उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री को मथाना पंचायत ने सौंपा मांग पत्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को गांव मथाना की सरपंच अंजना देवी और प्रतिनिधि रवि कुमार ने गांवों की मांगों का मांग-पत्र सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मांगों को संबंधित विभागों के पास भेजकर उनको चैक करवाकर पूरा करवाया जाएगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित लोगों की समस्याएं और शिकायतों को भी सुना। लोगों के शिकायत पत्र लेकर अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए।
बच्चों व खुद के स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक खेती को अपनाएं किसान:श्याम सिंह राणा
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। यहां पर भगवान श्रीकृष्ण ने गायों को चराया, धर्म का संदेश देने के लिए महाभारत की और खुद रथ का घोड़ों को चलाया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में तीन तरह की खेती की जा रही है। इनमें रासायनिक खेती, जैविक खेती और प्राकृतिक खेती शामिल है। अपने बच्चों व खुद के स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक खेती की जरूरत है। इसके लिए सरकार द्वारा देशी गायों और जीवामृत बनाने के लिए सामान पर सब्सिडी दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में किसान की फसल का पैसा आढ़तियों के पास जाता था, लेकिन भाजपा की सरकार ने जिसकी फसल उसका पैसा नीति पर काम करते हुए किसानों के खेतों फसल का पैसा भेजा का काम किया है। किसानों को कम पैदावार होने पर भावांतर भरपाई योजना के तहत सरकार द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास रहा है कि देशी गाय का गोबर और दूध बहुत ही महत्वपूर्ण है। इतना ही नहीं गाय को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया हुआ है।
गौ सेवक राजेन्द्र गावड़ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। गांव की सरपंच अंजना देवी व सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार ने मेहमानों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में पूर्व सरपंच तेजपाल मथाना ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत गौशाला कमेटी की तरफ से प्रधान तेजपाल, सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार, सरपंच अंजना देवी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इसके अलावा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर को भी स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्रवण कुमार गर्ग, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, मुख्यमंत्री के ओएसडी राकेश संधु, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे,भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, पशुपालन विभाग के महानिदेशक डा. प्रेम सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, आयोग के वाइस चेयरमैन पूर्णमल यादव, एसडीएम पंकज सेतिया, सुभाष कलसाना, गौ सेवक राजेंद्र कुमार गावड़, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, सरपंच मथाना अंजना देवी, सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार, पवन गर्ग,डा.ऋषिपाल मथाना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।