चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अपनी सरकार के उन मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों पर टेढ़ी निगाह है, जो या तो स्वयं भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं अथवा जिनके परिवार के सदस्य भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों को चिन्हित करने का काम आरंभ किया जा चुका है। 

पूरे प्रदेश में इन मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के कामकाज की बारीकी से जांच चल रही है। उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी जुटाई जा रही है और ऐसे लिंक खोजे जा रहे हैं, जिनके माध्यम से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है। इसके पीछे पारदर्शी, सुशासनयुक्त और कल्याणकारी सेवाएं लोगों को प्रदान करने की मुख्यमंत्री की सोच है। 

रिपोर्ट तैयार कर रही है सरकार

इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री ने एक एजेंसी हायर की है। पिछले कई दिनों से एजेंसी राज्य में काम कर रही है। एजेंसी की रिपोर्टिंग सीधे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास है, जो हर रोज की रिपोर्ट सरकार के पास भिजवा रही है। 

एजेंसी की ओर से विधायकों और अधिकारियों के बीच तालमेल की भी जांच की जा रही है। ठेकेदारों, अधिकारियों और विधायकों के संबंधों को खंगाला जा रहा है। 

मंत्रियों और विधायकों के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर भी इस एजेंसी की निगाह है, जो हर रोज यह आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रही है कि उनकी वास्तविक कार्यप्रणाली और इंटरनेट मीडिया पर फॉलोशिप कितनी है।
मुख्यमंत्री इस एजेंसी के माध्यम से स्वयं की कार्यप्रणाली का भी आकलन करवा रहे हैं। एजेंसी को जिला उपायुक्तों के साथ-साथ अतिरिक्त जिला उपायुक्तों की कार्यप्रणाली, उनकी पब्लिक के साथ डीलिंग तथा डीसी व एसपी ऑफिस में समस्याएं लेकर आने वाले लोगों का समाधान प्रतिशत निकालकर रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। 

सीएम विंडो, परिवार पहचान पत्र और प्रोपर्टी आईडी की खामियों के दुरुस्तीकरण के प्रतिशत के बारे में विशेष रिपोर्ट तैयार हो रही है। 

रिश्तेदारों से भ्रष्टाचार को दे रहे अंजाम

ठेकेदारों व अधिकारियों के संबंधों की बारीकी से पड़ताल करने को कहा गया है। ऐसे अधिकारियों की लिस्ट बनाने को भी कहा गया है, जिन पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का नाजायज दबाव बनाया जा रहा है, जो पहले से भ्रष्टाचार में शामिल हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सात माह में लिए गए अहम फैसलों पर लोग क्या सोचते हैं, इसकी पूरी रिपोर्ट तैयार हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *