कुरूक्षेत्र। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की छह मई को कुरुक्षेत्र कार्यालय में प्रदेश स्तर की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सभी डिपो व सब डिपो से पदाधिकारी व सदस्य शामिल होंगे। प्रधान नरेंद्र पांचाल व अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि इस बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रधान माया राम उनियाल करेंगे। इस दौरान कर्मचारियों की मांगों व समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि बैठक की तैयारी शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि हरियाणा राज्य परिवहन विभाग द्वारा बीते दिन कुरुक्षेत्र डिपो से 43 कर्मचारियों को अन्य डिपो में भेजा गया है, जबकि 54 कर्मचारी अन्य डिपो से कुरुक्षेत्र आएंगे। तीन इंस्पेक्टर कुरुक्षेत्र से स्थानांतरित किए हैं और उनकी जगह दो नए इंस्पेक्टर यहां नियुक्त होंगे। इसी प्रकार 11 सब इंस्पेक्टर को अन्य डिपो में भेजा गया है और कुरुक्षेत्र में 15 नए सब इंस्पेक्टर की तैनाती की जाएगी। क्लर्क कैडर में भी बड़ा बदलाव किया गया है। कुरुक्षेत्र डिपो से 23 क्लर्कों का तबादला किया है और उनकी जगह 31 नए क्लर्क यहां ज्वाइन करेंगे। मैकेनिक स्टाफ में भी अदला-बदली की है। छह मैकेनिक अन्य डिपो में स्थानांतरित किए गए हैं, जबकि उनके स्थान पर छह ही मैकेनिक कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे।
यूनियन के पदाधिकारियों में मैकेनिकल विभाग में हुए तबादले को लेकर रोष दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि उदाहरण के तौर पर यमुनानगर में 256 मैकेनिकों की जरूरत है। परंतु वहां के डिपो में मात्र 8,9 ही मैकेनिक हैं और अब तबादला नीति के तहत उन सभी का तबादला यमुनानगर से कहीं और हो गया है। जबकि अन्य कहीं से कोई मैकेनिक यमुनानगर नहीं आया। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि रोडवेज विभाग अन्य विभागों से अलग है। रोडवेज विभाग में क्लेरिकल स्टाफ को छोड़कर चालक परिचालक और मिस्त्री की ड्यूटी 24 घंटे मानी जाती है। ऐसे में जो चालक, परिचालक, मिस्त्री अपनी इच्छा से बदली करवाना चाहता हो, केवल उसकी ही बदली की जानी चाहिए। मैकेनिको की बदली में खास ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि 6 मई की अहम बैठक के अलावा 15 मई को रोडवेज कर्मियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर परिवहन मंत्री के आवास पर न्याय मार्च निकाला जाएगा और अगर उनकी मांगे नहीं मानी गई तो 20 मई को हड़ताल की जाएगी।