निकाय चुनाव में कम मतदान प्रतिशत पर सीएम को सौंपेंगे जल्द रिपोर्टः जगमोहन आनंद
करनाल, 9 मार्च- नगर निगम चुनावों के बाद करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने इस रविवार को फिर से आमजन के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने के लिए जुटे और अपनी समस्याओं को भी उनके समक्ष रखा। विधायक ने तत्काल उनकी समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि करनाल की जनता उनका परिवार है और उनसे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाना उनका दायित्व है।
चाय पर चर्चा कार्यक्रम की शुरुआत भजन के साथ हुई। इसके उपरांत विधायक जगमोहन आनंद ने आमजन की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका समाधान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि करनाल की जनता ने उन्हें भारी बहुमत से जीत दिलाकर हरियाणा विधानसभा तक पहुंचाया है। मैं जनता का सेवक हूं और उनका प्रतिनिधि बनकर उनके हकों की आवाज हरियाणा विधानसभा में उठाउंगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आज भी करनाल की जनता से विशेष लगाव है। मैं उनके प्रतिनिधि के तौर पर कार्य कर रहा हूं। करनाल की जनता से जुड़ी जरुरी मांगों को तत्काल पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी अपने दौरे के साथ निरंतर करनाल शहर को कोई न कोई योजना की सौगात देकर जाते हैं। शहर में तेज गति से विकास कार्य जारी हैं।
कम मतदान प्रतिशत पर मुख्यमंत्री को सौंपेंगे रिपोर्ट
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा। लोगों ने कम वोट डाले। ऐसे में मुख्यमंत्री ने उनसे मतदान प्रतिशत कम रहने के कारणों को पूछा है। जल्द इस संबंध में रिपोर्ट तैयार करके मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को सौंपी जाएगी।
6 महीने तक विपक्ष का नेता नहीं चुन पाई कांग्रेस
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाप्ति की ओर है। इस पार्टी में कोई कार्यकर्ता रहने वाला नहीं है। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है लेकिन अभी तक विपक्ष का नेता नहीं चुना गया है। उनके नेताओं की बॉडी लैंगवेज हताशा वाली है। उनकी कोई लीडरशिप नहीं है। हाईकमान खत्म हो चुकी है। उनके सभी नेताओं की अलग-अलग कांग्रेस है। कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है।