कुरुक्षेत्र, 18 अगस्त।
ब्रह्माकुमारीज : विश्व शांति धाम कुरुक्षेत्र की प्रभारी ब्रह्माकुमारी सरोज बहन के मार्गदर्शन में बीके बहनों ने जेल में बंदियों को राखी बांध कर उन्हें रक्षा बन्धन पर्व का आध्यात्मिक रहस्य बताया और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। पहले से ही बंधन में जीवनयापन कर रहे बन्दियों की कलाई पर जैसे ही ब्रह्माकुमारी बहनों ने जेल जाकर राखी बांधी, उनकी आंखें नम हो गई और उन्होंने इन बहनों को वचन दिया कि जेल से मुक्त होकर अब वे साफ, सुथरे और स्वच्छ समाज के निर्माण मैं अपना योगदान देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों और नशे जैसी बुराइयों को भी खत्म करने का संकल्प लिया। इस दौरान जिला जेल अधीक्षक सोमनाथ जगत भी पूरे स्टाफ के साथ वहां मौजूद रहे और उन्होंने भी ब्रह्माकुमारी बहनों के इस सार्थक प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा कर उन्हें अपनी ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भारत का यह त्योहार विश्व में अपनी प्रकार का एक अनूठा त्योहार है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को राखी बांधने के साथ शुभ भावना और शुभ कामना देती हैं। हरेक बहन अपने भाई का मुख मीठा कराने के लिए कितना प्रेम रखती है। परन्तु आज कुछ ऐसा ही कर दिखाया है इन ब्रह्माकुमारी बहनों ने, जो कुरूक्षेत्र जिला जेल में आकर सभी बन्दियों को रक्षा बन्धन पर्व का आध्यात्मिक रहस्य बताया है। उन्होंने बंदियों को आपस में प्रेम व भाइचारे में रहने का सन्देश दिया।ब्रह्माकु‌मारी राधा बहन ने बताया कि हम सभी परमात्मा शिव की सन्तान आपस में भाई-भाई हैं। हम सब का बुराइयों से रक्षा करने वाला, एकता के सूत्र में बांधने वाला यह प्यारा रक्षा बंधन हम सभी के लिए अमूल्य ईश्वरीय उपहार है। अतः पवित्रता के दृढ संकल्पों से रक्षा-सूत्र को कलाई पर बांधे। पवित्रता ही सुख शान्ति की जननी है। इस पवित्रता के रक्षा बंधन से मनुष्य सब बंधनों से छूट जाता है। बी.के. मधु बहन ने बताया कि आप सभी परमात्मा शिव की याद में अपने को आत्मा समझ कर इस पावन पर्व को मनायेंगे, तो आप‌के जीवन में सुख, शान्ति और प्रेम बढ़ेगा। वैर विरोध दूर होगा क्योंकि हम सब एक परमात्मा शिव की संतान हैं। इससे पहले बी.के. राधा बहन ने जेल अधीक्षक को राखी बांधी। दोनो डी.एस.पी व अश्विनी कुमार के साथ स्टाफ सदस्य के बाद सभी जेल के बंदियों को राखी बांध कर प्रसाद दिया। पहले 2-3 सौ बंदियों को ही रक्षा सूत्र बांधा जाता था, मगर इस बार रक्षाबंधन पर्व से पूर्व सभी बंदियों को राखी बांध कर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गई। इस पर सभी बंदी बहुत खुश दिखाई दिए। इस अवसर पर ब्रह्माकु‌मारी सेवा केन्द्र से बी.के. पुष्पा, बी.के. बिमला देवी, बीके. हीरा बहन, बी.के. सन्त कुमार व बीके कर्ण सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *