यमुनानगर, 10 अगस्त

पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी वरिष्ठ नेता चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने शनिवार को यमुनानगर में बदलाव जनसभा को संबोधित कर हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल के लिए प्रदेश की जनता का समर्थन मांगा। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष गुरपाल सिंह, लोकसभा इंचार्ज सुरेन्द्र सिंह राठी, ज्वाइनिंग कमेटी के प्रदेश सह सचिव ओम प्रकाश गुज्जर, जिला अध्यक्ष गगनदीप सिंह, लोकसभा उपाध्यक्ष लक्ष्मण विनायक और ललित त्यागी भी मौजूद रहे।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने बदलाव जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 17 महीने से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता मनीष सिसोदिया को बिना किसी कारण के जेल में रखा हुआ था उनको कोर्ट से जमानत मिलने पर सभी को बधाई। ये सच्चाई की जीत हुई है। बीजेपी सरकार आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से घबराई हुई है। क्योंकि आम आदमी पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी है जिसने बहुत कम समय में दो राज्यों में सरकार बना ली है और गुजरात में पांच विधायक और गोवा में दो विधायक हैं। पूरे देश में आम आदमी पार्टी का परचम लहरा रहा है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है। भगवान अरविंद केजरीवाल से देश के लिए कुछ बड़ा करवाना चाहते हैं। अरविंद केजरीवाल ने जीरो से उठकर पार्टी की शुरूआत की और पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई। दिल्ली में किए गए कामों को देखकर ही पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया। शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी। बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा कर दी और अब हर महीने हर महिला को एक हजार रुपए की सम्मान राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा किए जा रहे काम विरोधी पार्टियों के हजम नहीं हो रहे। इसलिए ये हमारे नेताओं को जेलों में रख रहे हैं। बीजेपी और पीएम मोदी जितना मर्जी जोर लगा लें लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता न झूकेंगे और न टूटेंगे। आम आदमी पार्टी के नेता देश में बदलाव लेकर आएंगे। एक दिन ऐसा आएगा पूरे देश में आम आदमी पार्टी का झंडा लहराएगा। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को पीछे रखने के लिए बीजेपी ने बहुत षड्यंत्र रचे। प्रचार से रोकने के लिए अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। मोदी जी जितना मर्जी जोर लगा लें लेकिन प्रचार नहीं रुकेगा। क्योंकि जनता ही अरविंद केजरीवाल की ताकत है।

उन्होंने कहा कि हमारा मकसद विधायक या मंत्री बनना नहीं है। हमारा मकसद देश की राजनीति में जो गंदगी भरी पड़ी है उसको खत्म करना है। बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल के पीछे ईडी और सीबीआई लगाई हुई है। यदि उनसे कुछ निकलता तो मनीष सिसोदिया कभी बाहर नहीं आते। इसलिए हमारे विधायक हमारे नेताओं की तरह बिना किसी भेदभाव के काम करेंगे। यमुनानगर में 110 करोड़ रुपए लगाकर अस्पताल बनाया गया था। मात्र एक साल में उसकी टाइलें गिरनी शुरू हो गई हैं। जिससे एक डॉक्टर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और एक नर्स घायल हो गई। जैस हश्र एक साल में अस्पताल का हुआ है ऐसा ही हश्र इन्होंने हमारे देश का कर रखा है।

उन्होंने कहा यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास ने खुद बोला है कि यहां संपत्ति घोटाला हुआ है। इससे समझा जा सकता है कि बीजेपी सरकार में क्या बुरा हाल है। यदि हम अभी भी नहीं जागे तो हमें पछताना पड़ेगा। जिन लोगों को हमने लंबे समय तक राज दिया उन्होंने देश में कुछ नही छोड़ा। बीजेपी ने हथकंडा अपनाया है कि खट्‌टर साहब को हटाकर नायब सिंह को मुख्यमंत्री बनाया है। ताकि पीछे जो घपले किए हैं उन पर पर्दा डाला जा सके। इसलिए इनकी बातों में नहीं आना है और दिल्ली व पंजाब की तरह अच्छी सरकार चुननी है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में जो वादे किए उन सभी वादों को पूरा करके दिखाया। वहीं बीजेपी और कांग्रेस ने जो वोद किए उन पर कभी अमल नहीं किया। आम आदमी पार्टी ने बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य मुफ्त देने का वादा किया था उनको पूरा किया। अब दिल्ली में 18 वर्ष से उपर की महिलाओं को एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं और पंजाब में अक्टूबर में शुरू कर दिए जाएंगे। अरविंद केजरीवाल हरियाणा के लाल हैं इसलिए हमें हरियाणा की लाज रखनी है।

उन्होंने कहा कि जिन्होंने हरियाणा को लूटा है अब उनको सही जगह दिखाने का समय आ गया है। एक नगर निगम में काम करने वाले व्यक्ति के पास से ढ़ाई करोड़ रुपए निकले थे तो समझ लीजिए विधायक और मंत्रियों ने कितने घपले किए होंगे। हरियाणा में खुलेआम माइनिंग चल रही है। इसलिए हमें संभलने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा को पांच गारंटियां दी है। अरविंद केजरीवाल अपनी गारंटी को पूरी करके दिखाते हैं। दिल्ली और पंजाब में उनकी गारंटी पूरी हो रही हैं। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा को पहली गारंटी दी है कि दिल्ली और पंजाब की तरह यहां भी घरेलू बिजली फ्री होगी। ‘‘आप’’ की सरकार बनने के बाद हरियाणा में घरेलु बिजली फ्री और 24 घंटे मिलेगी। दूसरी गारंटी, दिल्ली और पंजाब की तरह हर गांव और हर शहर में मोहल्ला क्लीनिक बनाने का काम करेंगे। सरकारी अस्पताल अच्छे होंगे, सबका अच्छा और फ्री इलाज होगा। तीसरी गारंटी, सरकारी स्कूलों को अच्छा बनाएंगे, जहां अच्छी और फ्री शिक्षा मिलेगी। चौथी गारंटी, हर महिला को हर महीने एक हजार रुपए देने का काम करेंगे। पांचवीं, हर बेरोजगार युवा को रोजगार देंगे।

उन्होंने कहा कि यमुनानगर में प्लाइवुड की बहुत बड़ी इंडस्ट्री थी लेकिन सरकार की अनदेखी के कारण यहां की इंडस्ट्रियां पलायन कर गई। यमुना का पानी दूषित हो रहा है और सरकार सोयी हुई है। केवल आम आदमी पार्टी ही यमुनानगर को इस चंगुल से निकाल सकती है। जनता के टैक्स का पैसा केवल आम आदमी पार्टी ही सही जगह पर लगा सकती है। जनता हर चीज पर टैक्स देती लेकिन जनता को सुविधाओं के नाम पर ठगा जा रहा है। ये पार्टियां केवल सपना दिखाती हैं लेकिन करती कुछ नहीं हैं। जो करके दिखाती है वो केवल आम आदमी पार्टी है। इसलिए इस बाद आम आदमी पार्टी का साथ देना है और एक मौका हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल को देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *