स्वच्छता अभियान के तहत ही लगाए जाएंगे 1 लाख पौधे : विवेक चौधरी
करनाल, 24 जुलाई। जिला के सभी गांवों में पंचायत एवं विकास विभाग द्वारा 24 जुलाई से 15 अगस्त तक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत ही जिला के पूरे ग्रामीण क्षेत्र में 1 लाख नए पौधे भी लगाए जाएंगे। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने को लेकर जिला परिषद के सीईओ एवं उक्त कार्यक्रम के नोडल अधिकारी विवेक चौधरी ने बुधवार को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विवेक चौधरी ने बैठक के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण को स्वच्छ बनाने हेतु प्रदेश सरकार का पायलट प्रोग्राम है। अभियान के तहत होने वाले किसी भी कार्यक्रम में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही न बरते। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सभी संबंधित ब्लॉक के बीडीपीओ अपने-अपने क्षेत्र के नोडल अधिकारी रहेंगे। इसी कड़ी में सभी ग्राम पंचायतों में संबंधित ग्राम सचिव नोडल अधिकारी रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वन विभाग द्वारा 1 लाख पौधे सभी ग्राम पंचायतों को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। ये पौधे ग्राम पंचायत के सहयोग से सभी अधिकारी व कर्मचारी संबंधित ग्रामीण क्षेत्र में लगवाने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में विजुअल क्लीनलीनेस के तहत संबंधित क्षेत्र में सफाई का कार्य करना होगा। उक्त अभियान में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनवाड़ी वर्कर तथा हेल्पर और सुपरवाइजर भी अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। इसी प्रकार स्वच्छता अभियान में स्वास्थ्य विभाग से एएनएम व आशा वर्कर भी मुख्य भूमिका में कार्य करेंगीं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में संबंधित क्षेत्र में जन प्रतिनिधि भी ग्राम वासियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाएंगे। इसके साथ-साथ ग्रामवासियों को बारिश का पानी इक_ïा करने हेतु सोखते गड्ढों को लेकर भी जागरूक किया जाएगा। इतना ही नहीं प्रत्येक गांव में 20 सोखते गड्ढे भी बनाए जाएंगे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि इस अभियान के तहत वे आवश्यकता अनुसार स्कूलों में सैनेटरी पैड भी वितरित करवाएं। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों में सेनेटरी पैड संबंधित इनसिनेंटर मशीन लगी हुई हैं, उनकी रिपेयरिंग का कार्य भी भविष्य में ग्राम पंचायत के फंड से करवाया जाएगा। इस अवसर पर बीडीपीओ अशोक छिकारा, जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश ठुकराल तथा स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार संधु सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
